भोपाल. मुख्यमंत्री
शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि 8 से 10 किलो मीटर तक की छोटी सड़कों के निर्माण का काम लोक निर्माण के बजाए ग्रामीण विकास विभाग से कराया जाएगा। इन सड़कों में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना, खेत-सड़क योजना की सड़कें शामिल होंगी।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को मंत्रालय में ग्रामीण विकास विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2018 तक सभी छोटी सड़कों को बनाए जाने का कार्य योजनाबद्ध तरीके से किया जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस समारोह के दौरान 1 से 7 नवम्बर के बीच एक दिन महिलाओं के स्व-सहायता समूह का सम्मेलन बुलाए जाने के भी निर्देश दिए। सीएम ने स्वच्छ भारत अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए 2 अक्टूबर से 19 नवम्बर तक चलने वाली सभी रचनात्मक गतिविधियों और 2 अक्टूबर को आयोजित विशेष ग्राम सभा बैठकों की वीडियोग्राफी करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने एक वर्ष के भीतर सभी स्कूलों में शौचालय सुविधा उपलब्ध करवाने के भी निर्देश दिए।