फसलों के लिए अमृत
सीहोर स्थित आरएके कृषि कॉलेज के कृषि वैज्ञानिक डॉ. एससी गुप्ता के अनुसार, फसलों के लिए यह हल्की बारिश अमृत के समान है। चना और गेहूं के लिए यह बहुत अच्छी है। इससे पैदावार अच्छी होगी।
बिजली गिरने से दो की मौत
मध्य प्रदेश के अशोकनगर में 17 वर्षीय किशोरी मधु और राजगढ़ जिले के माचलपुर में 24 साल के युवक की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। वहीं, राजस्थान में बारां के चरड़ाना में बिजली गिरने से 28 वर्षीय युवक रामलखन की मौत हो गई।
नासिक में ओले से अनार, अंगूर की फसलें बर्बाद
महाराष्ट्र के नासिक जिले में शुक्रवार को ओले गिरने से अनार व अंगूर की फसल को भारी नुकसान हुआ है। कई जगहों पर ओले से अंगूर के गुच्छे जमीन पर गिर गए। सोलापुर शहर और आसपास के इलाके में बारिश ने 200 ट्रक प्याज खराब कर दिया।
दक्षिण भारत में भी हुई बारिश
उत्तर के साथ-साथ दक्षिण भारत के कई इलाकों में भी बारिश हुई है। कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हुई है। कर्नाटक के दावनगर ज़िले के डोबाभाटी इलाके में पिछले 24 घंटों में सर्वाधिक 103 मिमी बारिश दर्ज की है। कर्नाटक के कई इलाकों में बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
अगले 48 घंटों में बारिश की संभावना
अगले 48 घंटे में पश्चिमी मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, तटीय और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और लक्षद्वीप के अधिकतर हिस्सों में तथा हिमाचल प्रदेश,
जम्मू-कश्मीर, कोंकण, गोवा, मराठवाडा, तमिलनाडु, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक और केरल के कुछ हिस्सों में बारिश होने या गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान है। इसके अलावा यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, पूर्वी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, गुजरात, दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा और अंडमान निकोबार के कुछ हिस्सों में बारिश होने का अनुमान है।