पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Rest House Had Leaked In Rajasthan Memorized Answers

एएमओ परीक्षा: डॉक्टर ने राजस्थान के रेस्ट हाउस में रटे थे लीक प्रश्नों के उत्तर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भोपाल. एमपी पीएससी द्वारा आयोजित आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी (एएमओ) चयन परीक्षा में गड़बड़ी के आरोप में एसटीएफ ने मुरैना के बीएएमएस डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने एक परिचित चक्रेश के जरिए लीक प्रश्नों के उत्तर हासिल किए थे। परीक्षा में पास होने के बाद उसे सात लाख रुपए देना तय हुआ था।
मूलत: मुरैना निवासी डॉ. शशि पाराशर को एसटीएफ ने बुधवार शाम गिरफ्तार किया। लीक प्रश्नों के उत्तर शशि और उसके कुछ साथियों को जाखम बांध, प्रतापगढ़, राजस्थान के रेस्ट हाउस में रटाए गए थे। एसटीएफ उसे गुरुवार को अदालत में पेश करके रिमांड मांगेगी।
इधर, व्यापमं परीक्षा गड़बड़ी के सरगना जगदीश सागर के दलाल गंगाराम पिपलिया को लेकर एसटीएफ की टीम गुरुवार को बड़वानी के लिए रवाना होगी। टीम उसकी संपत्ति की पड़ताल कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गंगाराम ने अपने तीन बेटों को एमबीबीएस में दाखिला दिलाने के लिए रकम कहां से जमा की है। मंगलवार को एसटीएफ ने गंगाराम को 19 सितंबर तक रिमांड पर लिया था।
एमबीबीएस छात्र गए जेल
उप्र स्थित सैफई मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस छात्रों की रिमांड अवधि खत्म होने के बाद बुधवार दोपहर में उन्हें अदालत में पेश किया गया। एसटीएफ ने उनसे पर्याप्त पूछताछ होने की बात अदालत को बताई। इसके बाद अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश कर दिए।
आरोपियों में मुनीष कुमार, योगेंद्र, रामजीत यादव, मोहम्मद अमीन और राहुल शामिल हैं। सभी पर अपने पीछे बैठे उम्मीदवारों को नकल कराने का आरोप है। इसके एवज में उन्होंने दलालों से लाखों रुपए भी वसूले थे।