भोपाल. वीआईपी रोड पर शनिवार रात एक बाइक स्लिप होकर डिवाइडर से टकरा गई। इससे बाइक पर सवार दो युवकों की मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के समय ये तीनों हलालपुरा बस स्टैंड से बारह नंबर बस स्टॉप की ओर जा रहे थे। इन युवकों का घर सतना के नागौद क्षेत्र में है। भोपाल से बीई करने के बाद वे नौकरी की तलाश में थे।
कोहेफिजा पुलिस के मुताबिक 23 वर्षीय सौरभ सिंह उर्फ हिमांशु, 22 वर्षीय अनुज सिंह परिहार आैर 22 वर्षीय ऋषभ सिंह परिहार एक महीने से 12 नंबर स्टॉप क्षेत्र में रह रहे थे। शनिवार रात वे तीनों घूमने के लिए बस स्टैंड गए थे। वहां से वापसी के समय ऋषभ बाइक चला रहा था। ऋषभ के अनुसार नूर उस सबाह होटल के सामने रात साढ़े तीन बजे बाइक का टायर स्लिप हो गया। वह घिसटती हुई डिवाइडर से जा टकराई।
ऋषभ के अनुसार उसने वहां से अपने दोस्तों और पुलिस को इसकी सूचना दी। हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान हिमांशु और अनुज ने दम तोड़ दिया। शनिवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद इन दोनों के शव उनके रिश्तेदारों को सौंप दिए। बताया गया है कि इन तीनों ने हाल ही में मंडीदीप तथा गोविंदपुरा की कुछ कंपनियों में इंटरव्यू दिए थे।
माता-पिता के अकेले बेटे थे अनुज और हिमांशु
अनुज सिंह के पिता विजय सिंह नागोद से करीब दस किलोमीटर दूर अगोना गांव में रहकर खेती किसानी करते हैं। अनुज अपनी दो बहनों में अकेला भाई था। वह सबसे छोटा था। हिमांशु के पिता पुष्पेंद्र सिंह नागोद से करीब चार किलोमीटर दूर ग्राम हरदुआ के रहने वाले हैं।
पुष्पेंद्र सिंह जनपद पंचायत में ब्लाॅक अधिकारी हैं। हिमांशु भी अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था। वह सबसे छोटा था। बताया गया है कि सुबह परिजनों को सूचना मिली थी कि अनुज आैर हिमांशु का एक्सीडेंट हुआ है। परिजनों को दोनों के मौत की जानकारी नहीं दी गई है। गांव में घटना की जानकारी होने से मातम पसरा हुआ है।
आगे की स्लाइड में पढ़ें पूरी खबर.....