भोपाल. बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी के विभागों के स्टूडेंट्स अगले साल से स्मार्ट क्लास रूम में पढ़ेंगे। विवि की सेंट्रल लाइब्रेरी डिजिटल होगी और नए वोकेशनल कोर्स शुरू होंगे। इसी तरह कैंपस को पूरी तरह वाई-फाई कर डाटा प्रोसेसिंग का काम विवि में ही किया जाएगा। छात्रों को यह सारी नई सुविधाएं अगले एक साल के अंदर मिलने लगेगी।
उच्च शिक्षा विभाग ने राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) के तहत बीयू को इन क्षेत्रों में विकास के लिए करीब 23 करोड़ रुपए का अनुदान स्वीकृत किया है। अनुदान की इस राशि का उपयाेग इंफ्रास्ट्रक्चर, रिसर्च, इनोवेशन और क्वालिटी इंप्रूवमेंट, इक्विटी इनिशिएटिव, फैकल्टी इंप्रूवमेंट और फैकल्टी रिक्रूटमेंट सपाेर्ट पर खर्च किया जाएगा।
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा रूसा के तहत तैयार किया गया स्टेट हायर एजुकेशन प्लान बीयू सहित अन्य ग्यारह यूनिवर्सिटीज को जारी कर दिया गया है। इस प्लान में चुनिंदा कॉलेजों को भी शामिल किया गया है। इस प्लान के अंतर्गत दी जा रही राशि में से बीयू को नए निर्माण कार्य और पुराने निर्माण के रेनोवेशन के लिए 35-35 प्रतिशत और उपकरण खरीदी के लिए 30 प्रतिशत तक राशि का उपयोग करना होगा। अनुदान की सबसे ज्यादा राशि इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए मिली है।
स्टूडेंट्स की प्रतिभा निखारेंगे कॉलेजों के एक्टिविटी क्लब
सरकारी कॉलेजों में विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के लिए एक्टिविटी क्लब का गठन होगा। इन क्लब का काम स्टूडेंट्स की प्रतिभा को निखार कर उनमें कुछ विशिष्ट बनने का भाव पैदा करना होगा। उच्च शिक्षा विभाग ने करीब 19 क्लब की सूची जारी कर इनके गठन का सुझाव दिया है।
विभाग द्वारा जारी गाइडलाइन के मुताबिक क्लब नेतृत्व की जिम्मेदारी उस छात्र को दी जाएगी, जिसमें लीडरशिप की काबिलियत होगी। क्लब की साल भर की गतिविधियों के आयोजन के लिए कैलेंडर बनाया जाएगा।
छात्र उच्च शिक्षा विभाग द्वारा तय किए गए क्लब के अलावा भी नया क्लब गठित करने के लिए स्वतंत्र होंगे। कम से कम 15 छात्र क्लब में बतौर सदस्य रहेंगे। क्लब के सदस्यों में हर वर्ष के छात्रों को शामिल करना जरूरी होगा। आयुक्त उच्च शिक्षा सचिन सिन्हा के अनुसार सदस्यों को क्लब का कैलेंडर उच्च शिक्षा के अकादमिक कैलेंडर को ध्यान में रखते हुए बनाना होगा।
क्लब में होंगी ये गतिविधियां
ग्रुप डिस्कशन व वाद विवाद, क्रिएटिव राइटिंग, बुक रीडिंग, वर्कशॉप, सेमिनार, सामान्य ज्ञान, कंप्यूटर अवेयरनेस, भाषा सुधार, साफ-सफाई व टूट-फूट मरम्मत, प्रकाशन व मीडिया, पर्यावरण चेतना, आइडिया, इंटरनेट, परफार्मिंग एवं विजुअल आर्ट्स, योग, सामाजिक गतिविधि, मार्शल आर्ट्स, स्पोर्ट्स, एथलेटिक्स व एडवेंचर गतिविधियों के लिए क्लब का गठन किया जाएगा।