भोपाल. भोपालाइट्स के लिए चाय हमेशा खास पेय रहा है। यहां तक की भोपाल की मशहूर पटिएबाजी भी चाय के बिना अधूरी है। पुराने भोपाल में तो चाय के कई मशहूर ठिकाने मौजूद हैं, लेकिन अब नए भोपाल में भी चाय के ऐसा ही अनूठा ठिकाना खुल चुका है, जो यंगस्टर्स के बीच बेहद पॉपुलर है। एमपी नगर जोन-2 स्थित चाय 34 कोई आम चाय की दुकान नहीं है।
यहां मिलने वाली 20 से भी ज्यादा वैराइटी की चाय इसे खास बनाती है। अपने अलग स्वाद के लिए ही यह यूथ का फेवरेट जॉइंट बन चुका है। यार-दोस्तों को गप्प मारनी हो या फिर यंग प्रोफेशनल्स को अपना स्ट्रेस दूर करना हो, चाय 34 उनके लिए परफेक्ट प्लेस है। इस यूनीक कॉन्सेप्ट को मधुर मल्होत्रा ने डेढ़ साल पहले शुरू किया।
पैशन के लिए शुरू की शॉप
ऑस्ट्रेलिया से पढ़ाई करने के बाद मधुर ने अपना रियल इस्टेट का बिजनेस संभाला। लेकिन उनका दिल कुछ और ही करने का था। मधुर बताते हैं, एक दिन दोस्तों के साथ बैठकर बात कर रहा था और चाय 34 का ख्याल आया।
बस, इसे साकार रूप दे दिया। कुछ अलग करने के लिहाज से ही यहां पर चाय के इतने फ्लेवर्स रखे हैं। हमारे पास 50 लिटर का स्टोरेज है, जो एक ही घंटे में खत्म हो जाता है। हालांकि हम चाय को ज्यादा देर तक स्टोर करके रखना भी नहीं चाहते, नहीं तो इसके स्वाद में फर्क आ जाएगा।
यहां की चाय का खास स्वाद
शॉप में चाय की 20 से ज्यादा वैराइटीज हैं। तुलसी-इलाइची, तुलसी-अदरक, मसाला चाय जैसे देसी वैराइटीज के अलावा यहां पर लेमन-हनी, लेमन-तुलसी जैसे रॉ टी फ्लेवर्स भी हैं। यहां पर अक्सर हैंग आउट के लिए आने वाले दिव्या, ऑस्टिन, यासिर और अतुल का कहना है कि यहां का माहौल बहुत कैजुअल है।
साथ ही यहां की चाय उनके लिए स्ट्रेस बस्टर का भी काम करती है। पढ़ाई और एक्जाम्स के बीच टेंशन कम करने और दोस्तों के साथ थोड़ा वक्त बिताने के लिए यह परफेक्ट जगह है। साथ ही यहां की चाय का स्वाद यहां पर बार-बार आने को मजबूर करता है।
ईको-फ्रेंडली सिस्टम
चाय 34 को स्वाद ही नहीं बल्कि सर्विंग स्टाइल भी खास बनाता है। यहां पर चाय कुल्हड़ में सर्व की जाती है, जिससे चाय का स्वाद दोगुना हो जाता है। इससे पर्यावरण को भी नुकसान नहीं पहुंचता। मधुर बताते हैं, कुल्हड़ में सर्व करने से चाय में एक सौंधी खुशबू घुल जाती है, जो इसके जायके को बढ़ा देती है। हमने यंगस्टर्स के लिए यहां पर कुछ स्नैक्स भी रखें जिनके रेट्स रीजनेबल हैं। जल्द ही चाय 34 की एक और ब्रांच इंद्रपुरी में खोली जाएगी।