इंदौर/भोपाल. प्रदेश में स्वाइन फ्लू का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। गुरुवार को प्रदेश में स्वाइन फ्लू से सात मरीजों की मौत हो गई, जिनमें से चार भोपाल में और तीन इंदौर में हुईं। इससे प्रदेश में स्वाइन फ्लू से मरने वालों का आंकड़ा 69 हो गया है।
इनमें से 18 मरीजों की मौत भोपाल के अस्पतालों में हुई है। भोपाल के सरकारी और निजी अस्पतालों में स्वाइन फ्लू के 35 नए संदिग्ध मरीज मिले हैं। सभी के नमूने जांच के लिए आरएमआरसीटी जबलपुर भेजे गए हैं।
भोपाल में स्वाइन फ्लू कंट्रोल रूम के अफसरों ने बताया कि बीते 24 घंटों में हमीदिया अस्पताल में तीन और जेपी अस्पताल में एक मरीज की मौत हो गई। चारों मरीजों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके अलावा तीन अन्य मरीजों की मौत इंदौर के अस्पतालों में हुई। सभी की मौत स्वाइन फ्लू के वायरस एच1एन1 का संक्रमण फेंफड़ों में बढ़ने से हुई है। यह मरीज बीते दो दिन से वेंटिलेटर पर थे।
8 पॉजिटिव और 35 संदिग्ध मरीज मिले
राजधानी के सरकारी और निजी अस्पतालों में गुरुवार को स्वाइन फ्लू के 8 पॉजिटिव और 35 संदिग्ध मरीज मिले हैं। इससे भोपाल में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 91 और संदिग्ध मरीजों का आंकड़ा 220 हो गया है। कंट्रोल रूम अफसरों के मुताबिक संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट शुक्रवार को आएगी।
अब टूटी नींद : सिंधिया
कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना में कहा कि लोगों की मौतें हो रही है और राज्य सरकार अब तक सोई हुई थी। स्वास्थ्य मंत्री की नींद तब टूटी है जब मुख्यमंत्री ने खुद राजधानी के दो अस्पतालों का निरीक्षण किया।
कांग्रेस और आप का प्रदर्शन
कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा के बंगले का घेराव किया। उन्होंने राज्य सरकार से स्वाइन फ्लू से मरने वाले मरीजों के परिजन को मुआवजा दिया जाने की मांग की है।
इन निजी अस्पतालों को किया इलाज के लिए अधिकृत : बंसल हॉस्पिटल, रेनबो हॉस्पिटल, नेशनल हॉस्पिटल, नर्मदा ट्रामा सेंटर, चिरायु हॉस्पिटल, भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल, पालीवाल हॉस्पिटल, एल मेडिकल कॉलेज एंड जेके हॉस्पिटल, पीपुल्स मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, चिरायु मेडिकल कॉलेज, एलबीएस हॉस्पिटल, पीपुल्स हाईटेक हॉस्पिटल, मिरेकल हॉस्पिटल।
हाईकोर्ट सख्त, ढाई घंटे में आया जवाब
स्वाइन फ्लू से मौतों पर हाईकोर्ट ने सख्ती दिखाई है। इंदौर में लैब की मांग को लेकर दायर याचिका की सुनवाई के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अफसर खाली हाथ पहुंचे। कोर्ट ने जवाब मांगा तो मौखिक कह दिया कि- यह प्राकृतिक आपदा है... तापमान बढ़ेगा तो खत्म हो जाएगी। लैब बनाना केंद्र सरकार का काम है। इस पर हाईकोर्ट ने शासन और निगम के वकीलों को डांटते हुए कहा- दोपहर ढाई बजे तक शपथ पत्र पर जवाब चाहिए। कोर्ट का रुख देखते ही दोनों का जवाब पेश हो गया।
मंत्री और सचिव को हिदायत
मुख्यमंत्री
शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा और स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव प्रवीर कृष्ण को मीडिया में संयमित बयान देने की हिदायत दी।
आगे की स्लाइड में पढ़ें पूरी खबर.....