भोपाल. सिंडीकेट बैंक रिश्वत कांड में फरार चल रहे राजधानी के पुरुषोत्तम तोतलानी ने डेढ़ महीने बाद आखिरकार बुधवार को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में सरेंडर कर दिया। कोर्ट ने तोतलानी को दो दिन की पुलिस रिमांड पर सीबीआई को सौंप दिया है। सीबीआई अब तोतलानी से यह पूछेगी कि उसने किसके कहने पर भोपाल के विनीत गोधा और पुनीत गोधा को रिश्वत के 50 लाख रु. पहुंचाए थे।
सीबीआई प्रवक्ता ने बताया कि तोतलानी मामले में सबसे अहम कड़ी है। आरोप है कि तोतलानी ने ही गोधा बंधुओं को उनके करीबी विजय पाहुजा के माध्यम से रिश्वत के 50 लाख रु. पहुंचाए थे।रकम हवाला के जरिए पहुंचाई गई थी।
सीबीआई अधिकारियों का कहना है कि तोतलानी से यह भी पूछताछ होगी कि क्या इससे पहले भी उसने सिंडीकेट बैंक के सीएमडी जैन के नाम से गोधा बंधुओं को रिश्वत की रकम पहुंचाई थी? उल्लेखनीय है कि इस मामले में जैन, गोधा बंधु, विजय पाहुजा सहित अन्य आरोपी 24 सितंबर तक जेल में हैं।
तो कुर्क होती तोतलानी की प्रॉपर्टी- तोतलानी के खिलाफ पिछले दिनों दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी करते हुए उसकी संपत्ति कुर्की का नोटिस भी भेजा था। नोटिस में कहा गया था कि यदि 20 सितंबर तक वह कोर्ट में पेश नहीं हुआ तो उसकी संपत्ति की कुर्की कर दी जाएगी। यही वजह है कि तोतलानी ने बुधवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया।
आगे की स्लाइड्स में देखें तस्वीरें.....