भोपाल. आरकेडीएफ यूनिवर्सिटी कैंपस में एमबीए की छात्रा से छेड़छाड़ और उस पर हमले का मामला सामने आया है। आरोपी छात्र आरकेडीएफ कॉलेज से इंजीनियरिंग का कोर्स कर रहे हैं। उन्होंने छात्रा के भाई पर भी हमला किया। पुलिस ने एक आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि यूनिवर्सिटी प्रबंधन मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है। घटना सोमवार दोपहर की है।
गांधी नगर पुलिस के मुताबिक टीला जमालपुरा निवासी प्रियंका साहू आरकेडीएफ यूनिवर्सिटी में एमबीए सेकंड ईयर की छात्रा है। प्रियंका के छोटे भाई रोनित साहू ने इसी साल वहां बीकॉम में एडमिशन लिया है। सोमवार को रोनित को सेक्शन अलॉट होना था। वह प्रियंका के साथ काॅलेज पहुंचा था।
दोपहर करीब ढाई बजे यूनिवर्सिटी कैंपस में बीई सेकंड सेमेस्टर के छात्र रोहित सिंह आैर उसके साथियों अजहर, राजीव व अन्य ने भाई-बहन को साथ देखकर गलत मतलब निकाला आैर उन पर अश्लील कमेंट्स किए। रोनित को यह सहन नहीं हुआ आैर उसने विरोध किया। इस कारण उसका रोहित से विवाद हो गया।
रोहित, अजहर, राजीव आैर उसके साथी ने रोनित को पीटना शुरू कर दिया। प्रियंका ने बीच बचाव किया तो छात्रों ने उसके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की। प्रियंका के बड़े भाई रवि साहू ने बताया कि मारपीट से प्रियंका के पैर में फ्रेक्चर हो गया है। रोनित के सिर में अंदरूनी चोट आई है।
रवि का कहना है कि यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने मामले को कैंपस में ही खत्म करने के लिए उन पर काफी दबाव बनाया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़ आैर मारपीट का मामला दर्ज कर रोहित सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
एंटी रैगिंग हेल्पलाइन में शिकायत: छात्र की शिकायत, कोचिंग आने के लिए दबाव बना रहे फैकल्टी
आरकेडीएफ ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशंस के छात्र ने फैकल्टी पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आराेप लगाया है। छात्र का आरोप है कि फैकल्टी उस पर कोचिंग क्लास में आने के लिए दबाव बना रहे हैं। इसकी शिकायत नेशनल एंटी रैगिंग हेल्पलाइन में की गई है। उधर, यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने संबंधित टीचर के अपने यहां नियुक्त होने से ही इंकार किया है।
बीई फिफ्थ सेमेस्टर मेकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्र ने नेशनल एंटी रैगिंग हेल्पलाइन को की गई शिकायत में बताया है कि फैकल्टी धर्मेंद्र सिंह राजपूत द्वारा छात्रों पर कोचिंग क्लास आने का दबाव बनाया जाता है। जो छात्र उनकी कोचिंग क्लास अटैंड करते हैं, केवल उन्हीं के साथ अच्छा व्यवहार किया जाता है। टीचर के दबदबे के कारण कोई भी छात्र उनकी शिकायत मैनेजमेंट से नहीं करता है। शिकायत करने वाले छात्र की पहचान फिलहाल गोपनीय रखी गई है।
उधर, आरकेडीएफ यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार बीएन सिंह ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है, लेकिन साथ ही उन्होंने धर्मेंद्र सिंह राजपूत नाम का टीचर उनके यहां होने से इंकार किया है। उनका कहना है कि नेशनल एंटी रैगिंग हेल्पलाइन को जवाब भेज दिया गया है।
भोपाल में हाल ही में इस तरह की शिकायत का यह दूसरा मामला है। पिछले महीने सुरभि इंजीनियरिंग कॉलेज से भी इसी तरह की शिकायत हुई थी। आरजीपीवी के डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. अनिल गोयल के अनुसार प्रबंधन ने मामला यूजीसी को भेज दिया है।