पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Temperature, Climate Change, Bhopal Wheather

सूरज से बरस रही आग पर हो गया बादलों का पहरा, मिली थोड़ी राहत

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

भोपाल। बादलों ने सूरज की तपिश कम कर दी है। यही वजह है कि लगातार दूसरे दिन रविवार को भी पारा 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। यही नहीं, यह सामान्य से भी नीचे दर्ज किया गया। इससे लोगों को गर्मी में हल्की राहत मिली हुई है। हालांकि, ये राहत सिर्फ दो दिन के लिए है। मौसम केंद्र ने बुधवार से फिर से तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई है।

मौसम केंद्र के मुताबिक रविवार को अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शनिवार को भी तापमान इतना ही था। यह सामान्य से एक डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान में ढाई डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। रविवार को यह 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य तापमान से एक डिग्री कम था। जबकि, शनिवार को यह 27.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।

मौसम केंद्र के अनुसार अब पश्चिमी विक्षोभ के कारण राजस्थान और उत्तरी मप्र में बादल छाए हुए हैं। इससे यहां तापमान में गिरावट है। साथ ही हवाओं की दिशा दक्षिण-पश्चिम हो गई है। यह हवा प्रदेश में अपने साथ नमी लेकर आ रही है। इसकी वजह से अधिकतम तापमान में गिरावट हो रही है।

आगे क्या

मौसम केंद्र के निदेशक डीपी दुबे ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर अभी एक-दो दिन और रहेगा। इसका असर खत्म होते ही तापमान में फिर इजाफा होगा। तापमान फिर से 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक जाएगा।