भोपाल. देश के सभी वाहनों के रजिस्ट्रेशन व ड्राइविंग लाइसेंस जैसे जरूरी दस्तावेजों को इंटीग्रेटेड किया जाएगा। इसके लिए इनका डाटा एक मेन सर्वर पर सुरक्षित किया जाएगा। इसका फायदा यह होगा कि प्रदेश के किसी भी वाहन व ड्राइविंग लाइसेंस के बारे में एक क्लिक पर जानकारी ली जा सकेगी।
इससे अन्य राज्यों की गाड़ियों से वारदात करने वाले अपराधियों को पकड़ने में आसानी हो सकेगी। इसके अलावा आरटीओ की कई सेवाएं जैसे फीस भरने और लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस के लिए होने वाला टेस्ट भी ऑनलाइन लिया जाएगा।
सेंट्रल ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के चेयरमैन व बेंगलुरु के आरटीओ अशफाक अहमद के नेतृत्व में एक दल ने हाल ही में केंद्रीय रोड ट्रांसपोर्ट व हाइवे मंत्री नितिन गड़करी से मुलाकात की। एसोसिएशन के साथ भोपाल के आरटीओ अजय कुमार गुप्ता भी वहां मौजूद थे।
बैठक के दौरान यह तय किया गया कि देशभर में लागू करने के लिए जो नई परिवहन नीति बनाई जाएगी, उसमें देशभर की गाड़ियों का डाटा रखने के लिए एक सेंट्रल सर्वर बनाया जाएगा।
मप्र में अधिकतर सेवाएं ऑनलाइन: बैठक में आरटीओ गुप्ता ने श्री गडकरी को बताया कि प्रदेश में ड्राइविंग लाइसेंस, वाहनों के रजिस्ट्रेशन बनवाने आिद सेवाएं ऑनलाइन कर दी गई हैं। साथ ही चेक पोस्ट भी कंप्यूटराइज्ड किए जा चुके हैं।