पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Thursday's First Mercury Below 26 Degrees Cold Day

सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा गुरुवार पहली बार पारा 26 डिग्री से नीचे

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भोपाल. देरी से सही, राजधानी सर्द मौसम की चपेट में आने लगी है। इसके चलते गुरुवार का दिन इस सीजन का सबसे ठंडा रहा। अधिकतम तापमान इस दिसंबर में पहली बार सबसे कम 25.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले 6 दिसंबर को 26.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ था।
यही नहीं, बुधवार के मुकाबले गुरुवार सुबह साढे़ 11 बजे तापमान छह डिग्री सेल्सियस कम रहा। यह अभी तक 25 डिग्री से ज्यादा चल रहा था, लेकिन गुरुवार को 19.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। जिससे लोगों को दोपहर में भी ठिठुरन हुई। वहीं, सूरज भी बादलों की ओट में छिपा रहा। धूप के लिए लोगों को दोपहर तक इंतजार करना पड़ा।
मौसम केंद्र के मुताबिक बादलों की वजह से गुरुवार को न्यूनतम तापमान में इजाफा हुआ है। यह 15 डिग्री दर्ज किया है, जो कि सामान्य से चार डिग्री ज्यादा था। यह बुधवार को 12.4 डिग्री था। जबकि गुरुवार को अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री रहा। बुधवार को यह 28 डिग्री था।
वजह- अरब सागर से आ रही नमी
सहायक मौसम विज्ञानी मंगलेश रैक्वापर्ण ने बताया कि अरब सागर से आ रही नमी की वजह से राजधानी में बादल छा गए। इस वजह से बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई, लेकिन सुबह बादलों की वजह से धूप जमीन पर नहीं पड़ी साथ ही उत्तरी हवाओं ने भी दिन में तापमान को गिराने का काम किया।
असर- सुबह से ही बादल और धुंध छाई रही
गुरुवार की सुबह धुंध से लिपटी हुई थी। ठंडी हवाएं लोगों को कंपकंपा रही थी। सुबह नौ बजे के बाद बादल छाए रहने से तापमान में बढ़ोत्तरी नहीं हुई। दोपहर एक बजे के बाद कुछ बादल छटे तो फिर से तापमान में इजाफा होना शुरू हुआ। फिर भी अधिकतम तापमान 26 डिग्री को छू नहीं पाया।
इंतजार- अभी कड़ाके की ठंड के आसार नहीं
राजधानी में दिसंबर के दूसरे हफ्ते से ही कड़ाके की ठंड शुरू हो जाती है। ऐसे में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे चला जाता है। लेकिन इस बार अभी तक न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं गया है। हालांकि मौसम विज्ञानी अगले हफ्ते से 10 डिग्री से नीचे तापमान रहने के आसार जता रहे हैं।
दो-तीन दिन बाद और गिरावट के आसार
मौसम केंद्र के अनुसार देश के उत्तरी भागों में ठंड पड़ना शुरू हो चुकी है। इसलिए अब भोपाल में भी दो-तीन बाद तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है।