भोपाल. 12 नंबर बस स्टॉप के पास हंगामा कर रहे नशे में धुत चार आरोपियों को पकड़ने पहुंचे पुलिस के दो जवानों पर उन्होंने हमला कर दिया। आरोपियों ने उन पर पत्थर और डंडों से कई वार किए। इसमें एक जवान का सिर फूट गया। दूसरे के पैर में चोट आई है। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना गुरुवार शाम की है। सिपाही बृजेश पंथी और विनोद बघेल हबीबगंज थाने की चीता-90 पर तैनात हैं। सीएसपी जयंत राठौर के मुताबिक दोनों को 12 नंबर स्टॉप के पास हंगामे की सूचना मिली थी। दोनों वहां पहुंचे तो पास की झुग्गी में रहने वाले तेज कुमार, ताज कुमार, अमित और उसका बेटा हेमंत डंडे लेकर आपस में विवाद कर रहे थे।
सभी आरोपी नशे में धुत थे। जवानों ने जैसे ही बीच-बचाव शुरू किया, आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने डंडों से जवानों पर हमला कर दिया। नौबत यहां तक आ पहुंची कि आरोपियों में से एक ने बृजेश के सिर पर पत्थर पटक दिया। हालांकि, पत्थर उसे नहीं लगा। डंडे के वार से बृजेश के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि विनोद के पैर में फ्रेक्चर होना बताया जा रहा है।
घायल हालत में किया वायरलेस सेट से कॉल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विनोद ने घायल हालत में वायरलेस सेट से कॉल कर पुलिस बल की मांग की। इसके बाद तीन थानों की पुलिस वहां पहुंच गई। दोनों जवानों को पहले जेपी अस्पताल पहुंचाया गया।
हालत गंभीर होने के चलते टीम उन्हें लेकर नर्मदा अस्पताल ले आई, जहां उन्हें आईसीयू में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने तेज कुमार, ताज कुमार और हेमंत को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अमित समेत अन्य आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।
आगे की स्लाइड में पढ़ें पूरी खबर.....