भोपाल. जिला अदालत में मंगलवार को महर्षि महेश योगी वैदिक विवि के कुलाधिपति गिरीश वर्मा और उन पर यौन प्रताड़ना का आरोप लगाने वाली फरियादी महिला अलग-अलग कठघरों में आमने-सामने थे। कोर्ट में फरियादी महिला के बयान पर जिरह शुरू हुई। गिरीश वर्मा के वकील विजय चौधरी ने फरियादी महिला के कथन को लेकर सवाल-जवाब किए।
जज सईदा बानो रहमान की अदालत में गवाही के दौरान फरियादी महिला का पति भी कोर्ट रूम के बाहर मौजूद रहा। दूसरी ओर, आरोपी गिरीश वर्मा के समर्थन में भी बड़ी संख्या में विवि के कर्मचारी कोर्ट परिसर में मौजूद रहे।
अन्य लोगों को कोर्टरूम से बाहर किया
गवाही शुरू होने के पहले ही जज ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि मामले से जुड़े लोगों के अलावा अन्य किसी को अंदर न आने दिया जाए। गवाही के समय आरोपी व फरियादी महिला के अलावा उनके वकील और सरकारी वकील ही मौजूद रहे।