पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभोपाल। राजधानी में शूट हो रही फिल्म 'वाह ताज' के डायरेक्टर अजीत सिन्हा और जाने-माने बुजुर्ग फिल्म अभिनेता सुरेंद्र राजन के बीच पेमेंट को लेकर विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि विवाद निशातपुरा थाने पहुंच गया, जहां दोनों के बीच समझौता भी हो गया।
अभिनेता सुरेंद्र राजन ने बताया कि इस फिल्म के लिए भोपाल में उनका दो दिनों का शूटिंग कार्यक्रम था। उन्हें एग्रीमेंट के मुताबिक रोजाना 50 हजार रुपए मिलने थे, लेकिन प्रोड्यूसर अपनी बात से मुकर गए और 35 हजार रुपए प्रतिदिन देने की बात कहने लगे।
यही नहीं, वादे के मुताबिक उन्हें समय पर एयर टिकट भी नहीं दिया गया। सुरेंद्र राजन ने फोन पर बताया कि सुबह तक उन्होंने फिल्म की शूटिंग की। उन्हें 9 मई को मुंबई में एक अन्य फिल्म की शूटिंग करनी है। डायरेक्टर ने उनसे कहा था कि 8 मई को शाम की फ्लाइट से उनका टिकट कराया गया है। उन्हें एयरपोर्ट तक भेजने के लिए गाड़ी का इंतजाम भी किया गया है, लेकिन बाद में उन्हें 9 मई का ट्रेन का टिकट थमा दिया गया।
जब इस बारे में बात की गई तो प्रोडक्शन टीम ने उनके संग बदतमीजी की और एक भी पैसा न देने का कहकर धमकाने लगे। लिहाजा, सुरेंद्र राजन ने बुधवार दोपहर निशातपुरा थाने पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज कराई। टीआई सलिल शर्मा ने बताया कि पुलिस के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया। सुरेंद्र ने अपनी शिकायत वापस ले ली।
यह फिल्म, फिल्मी बॉक्स प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बन रही है, जिसके प्रोड्यूसर नरेंद्र सिंह और डायरेक्टर अजीत सिन्हा हैं। इस फिल्म में श्रेयस तलपड़े और मंजरी फड़निस मुख्य भूमिका में हैं। इससे पहले मई 2012 में मशहूर फिल्म डायरेक्टर कल्पना लाजमी और अन्य कलाकारों ने अपने निर्माता राजीव कश्यप पर साइनिंग अमाउंट न देने के आरोप लगाए थे। सभी 'कांचÓ फिल्म की शूटिंग के लिए भोपाल आए थे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.