पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

भोपाल के कई इलाकों में मिलेगी ओपन वाई-फाई की सुविधा, अक्टूबर से शुरू होगी सेवा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भोपाल/इंदौर. अक्टूबर के पहले सप्ताह से भोपाल के कई इलाकों में वाई-फाई सेवा शुरू होगी। सरकार और सेवा देने वाली कंपनी की ओर से दावा किया गया है 8 अक्टूबर से होने वाली ग्लोबल  इंवेस्टर्स समिट (जीआईएस) से पहले राजधानी के अलावा  इंदौर के कुछ सार्वजनिक स्थलों पर भी वाई फाई सेवा शुरू होगी। कहा ये भी जा रहा है कि साल के अंत तक दोनों शहरों के सभी प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर वाई-फाई की सुविधा मिलने लगेगी। शुल्क के बारे में अभी तय नहीं किया गया है।
 
नगरीय प्रशासन विभाग ने प्रदेश के प्रमुख शहरों को वाई-फाई करने के लिए रिलायंस जिओ इंफोकाम और बीएसएनएल से करार किया है। सार्वजनिक स्थलों पर वाई-फाई के लिए इंटरनेट की 4 जी कनेक्टिवटी जरूरी है।  इसके लिए दोनों शहरों में 4 जी नेटवर्क का काम जारी है। जिन स्थानों पर ग्राउंड बेस्ड मास्ट जीबीएम लगा दिए गए हैं, वहां वाई-फाई सुविधा शुरू की जा रही है।  
 
अगले साल शुरू होगी बीएसएनएल की सेवा : बीएसएनएल की 4 जी सुविधा शुरू होने में अभी एक साल का समय और लगेगा। बीएसएनएल भोपाल के महाप्रबंधक महेश शुक्ला का कहना है कि कंपनी का 4 जी नेटवर्क बिछाने का काम चल रहा है। 
 
भोपाल में यहां मिलेगी वाई-फाई सेवा 
 
इस सेवा की  शुरुआत में भोपाल में एमपी नगर, डीबी सिटी मॉल, सात नंबर, दस नंबर, वल्लभ भवन, सतपुड़ा और विंध्याचल और आसपास के क्षेत्र में यह सुविधा उपलब्ध रहेगी। 
इंदौर में : विजय नगर, मेघदूत गार्डन, बांबे हास्पिटल, सी-21 मॉल और आस-पास के क्षेत्रों में इसकी शुरुआत की जा रही है।
 
इस तरह मिलेगी कनेक्टिवटी 
 
इंटरनेट यूजर जैसे ही वाई-फाई जोन में प्रवेश करेंगे, उनकी डिवाइस (मोबाइल, लैपटाप, टेबलेट, आईपेड) पर नोटिफिकेशन आएगा कि आप रिलायंस जीआईओ 4 जी के एरिया में है। पहली बार उपभोक्ताओं को इस सेवा का लाभ लेने के लिए डिवाइस पर वाई फाई को क्लिक करना होगा। इसके बाद रिलायंस जीआईओ इंफोकाम की साइट पर यूजर का नाम, पता, मोबाइल नंबर सहित अन्य जानकारियां मांगी जाएंगी। इसके कुछ देर बाद ही मोबाइल पर पासवर्ड आ जाएगा। इसी पासवर्ड से वाई-फाई जोन में लोग इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे। 
 
भोपाल और इंदौर के चुनिंदा इलाकों में 4 जी प्रोजेक्ट का काम पूरा हो गया है। एक साल में दोनों शहरों में प्रोजेक्ट पूरा हो जाएगा। -फरहान अंसारी, ग्रुप वाइस प्रेसिडेंट, रिलायंस  
 
ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के पहले वाई-फाई सुविधा शुरू कर दी जाएगी। दोनों शहरों में इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।  -कैलाश विजयवर्गीय, नगरीय प्रशासन, आवास एवं पर्यावरण मंत्री