पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • With The Help Of Chinese Businessman With Pen Swindle

चाइनीज पेन की मदद से व्यापारी के साथ की ठगी, अंक मिटाकर निकाले दो लाख

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भोपाल. चेक में अमाउंट भरने के लिए कभी भी किसी दूसरे का पेन इस्तेमाल न करें। ऐसा करने पर आप ठगी का शिकार हो सकते हैं। ऐसे ही एक घटनाक्रम में बीमा एजेंट बनकर आए जालसाज ने एक व्यापारी से अपने पेन से चेक भरवाकर दो लाख रुपए ठग लिए।
व्यापारी ने उसे महज 121 रुपए का चेक भरकर दिया था। यह रकम बीमा पॉलिसी शुरू करने के नाम पर दी गई थी। हनुमानगंज पुलिस फिलहाल आरोपी की तलाश कर रही है।
पुरानी सिंधी कॉलोनी, बैरसिया रोड निवासी 50 वर्षीय जयपाल हेमानी सब्जी के थोक विक्रेता हैं। उन्होंने बताया कि बीती पांच फरवरी को उन्हें एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद का परिचय बीमा एजेंट रणवीर के रूप में दिया। उसने झांसा दिया कि महज 121 रुपए देकर उन्हें आजीवन बीमा मिल सकता है।
झांसे में आए जयपाल की अगले दिन रणवीर से हमीदिया रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के सामने मुलाकात हुई। जयपाल उसे 121 रुपए नकद देने लगे, लेकिन आरोपी ने इनकार कर दिया। बाद में उन्होंने आरोपी को एक चेक दिया। इसे आरोपी ने अपने चाइनीज पेन से भरा और साइन व्यापारी के पेन से करवा लिया।
मोबाइल फोन पर मैसेज आया तो पता चला
जयपाल के मुताबिक जाते वक्त आरोपी ने पूछा था कि खाते में इतनी रकम है भी या नहीं। इस पर उन्होंने कहा था कि दो-ढाई लाख रुपए होंगे। चेक मिलने के बाद आरोपी ने उसमें भरी गई राशि बदल दी। इसे उसने दो लाख रुपए कर दिया। फिर बीती छह फरवरी को बैंक में चेक दाखिल कर कैश करा लिया।
मोबाइल फोन पर बैंक की ओर से आए एसएमएस के जरिए जयपाल को इस गड़बड़ी का पता चला। वह बैंक पहुंचे तो पता चला कि आरोपी ने चेक में भरी गई राशि बदल दी थी, बाकी पूरा चेक वही था। उनकी शिकायत पर हनुमानगंज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
पहले भी हो चुकी है ऐसी गड़बड़ी
बीती 18 सितंबर को मंगलवारा पुलिस ने अरविंद कुमार नामक युवक के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया था। उसने होटल शालीमार में पार्टनर विनोद दत्ता को इसी अंदाज में दो लाख तीस हजार रुपए की चपत लगा दी थी। इसी बीच मुंबई की आजाद नगर पुलिस के हत्थे चढ़े पुलवामा, कश्मीर निवासी 44 वर्षीय हयात मोहम्मद शौकत को पकड़ा गया। शौकत ही अरविंद कुमार बनकर होटल मालिकों से मैजिक पेन के जरिए ठगी करता था।