पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Without Government Approval To Begin Recruiting

सरकारी मंजूरी के बिना ही भर्ती शुरू, 25 सितंबर से शुरू होने वाले इंटरव्यू पर विवाद

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भोपाल. बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी (बीयू) में फेकल्टी की नियुक्ति के लिए 25 सितंबर से शुरू हो रहे इंटरव्यू विवाद में आ गए हैं। इंटरव्यू के जरिए उन कोर्सेस के लिए भी भर्ती की जाएगी, जिन्हें शुरू करने की राज्य सरकार ने अब तक मंजूरी नहीं दी है। जबकि सरकार ने साफ कहा है कि प्रदेश की यूनिवर्सिटीज केवल उन कोर्सेस के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर सकती हैं, जिनकी सरकार द्वारा मंजूरी दी जा चुकी है। जानकारों का कहना है कि ऐसे में इन कोर्सेस के लिए भर्ती फेकल्टी का वित्तीय भार सीधा बीयू पर आ जाएगा।
विवि आगामी 25 सितंबर से 23 विभागों की फैकल्टी के रिक्रूटमेंट के लिए इंटरव्यू की प्रक्रिया शुरू कर रहा है। इनमें इंटरनेशनल बिजनेस, बायोमेडिकल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस एंड सायबल लॉ और स्टेम सेल इंजीनियरिंग जैसे कोर्स भी शामिल हैं। जिनमें करीब आधा दर्जन पदों के लिए इंटरव्यू होंगे। इन कोर्सेस को शुरू करने के लिए कार्यपरिषद ने मंजूरी दे दी है, लेकिन शासन की ओर से अभी तक इनके लिए स्वीकृति पत्र नहीं आया है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले बीयू को 11 वीं पंचवर्षीय योजना में पांच विभाग और 16 पद मिले थे, लेकिन राज्य शासन की स्वीकृति नहीं मिलने से न तो यह विभाग खुले और न ही पदाें पर नियुक्तियां हो सकी। हालांकि इस बार राज्य शासन ने वर्ल्ड बैंक से मिलने वाले ऋण को देखते हुए सभी यूनिवर्सिटीज और कॉलेजों को खाली पदों पर भर्ती करने के निर्देश दिए हैं। लेकिन केवल उन्हीं पदों को भरने के लिए कहा है जिनके लिए पहले स्वीकृति मिल चुकी है।

बाद में देंगे ज्वाइिनंग लेटर

कुलपति प्रो. मुरलीधर तिवारी का कहना है कि शासन को इन कोर्सेस के लिए पदों को भरे जाने की जानकारी दे दी गई है। शासन की स्वीकृति मिलने के बाद ही उम्मीदवारों को ज्वाइनिंग लेटर दिया जाएगा। उनका तर्क है कि अगले साल से शुरू होने वाले इन कोर्सेस के लिए अभी से सिलेबस तैयार करने से लेकर इसका सेटअप तैयार करना होगा इसीलिए अभी से इन पदों को भरा जा रहा है। वहीं रजिस्ट्रार एलएस सोलंकी के अनुसार यह पद 12 वीं पंचवर्षीय योजना के अंतर्गत भरे जा रहे हैं।
41 पदों के लिए होंगे इंटरव्यू

बीयू में प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर व असिस्टेंट प्रोफेसर के 41 पदों के लिए 25 सितंबर से चार दिन तक इंटरव्यू होंगे। इनके लिए कुल 600 आवेदन आए हैं। हरेक आवेदक को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया है। इसके चलते वहां एक दिन में औसतन 150 इंटरव्यू होंगे। यह प्रक्रिया भी विवाद में है। क्योंकि इतनी संख्या में आवेदकों के होने के चलते बीयू एक इंटरव्यू के लिए महज दो से तीन मिनट का ही समय दे सकेगा। जानकारों का कहना है कि यह अवधि पर्याप्त नहीं कही जा सकती।