पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

चाय में नशीली दवा मिलाकर होटल में महिला से ज्यादती, दिया नौकरी का झांसा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भोपाल. रेलवे में बेटे को नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक महिला के साथ ज्यादती का मामला सामने आया है। आरोप है कि रेल मंडल के एक सस्पेंडेड कर्मचारी ने महिला को चाय में नशीली दवा मिलाकर अशोका गार्डन स्थित एक होटल में वारदात को अंजाम दिया।
इसके अलावा आरोपी ने बेरोजगार युवकों से भी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपए ऐंठ लिए। अशोका गार्डन और पिपलानी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अलग-अलग केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
एसआई सीएस दुबे के मुताबिक जनवरी 2014 में 39 वर्षीय महिला की मुलाकात मूलत: मधुबनी, बिहार निवासी 40 वर्षीय सच्चिदानंद मिश्रा से हुई थी। सच्चिदानंद रेलवे में चतुर्थ श्रेणी का कर्मचारी है और इन दिनों सस्पेंड है।
आरोपी ने महिला को झांसा दिया था कि उसके बेटे की रेलवे में नौकरी लगवा देगा। झांसे में आई महिला को उसने 27 जनवरी को अशोका गार्डन स्थित होटल मनप्रीत में बेटे के कागजात लेकर बुलाया। दो दिन बाद उसने दोबारा महिला को होटल में बुलवाया।
आरोप है कि उसने चाय में बेहोशी की दवा मिलाकर महिला को पिला दी। बेहोशी की हालत में आरोपी ने उसके साथ ज्यादती की। होश में आने पर महिला ने विरोध किया तो उसने धमकाना शुरू कर दिया।
फिर वह महिला को अपने साथ बिहार भी ले गया और अलग-अलग स्थानों पर उसके साथ ज्यादती की। परेशान हो चुकी महिला ने पिपलानी पुलिस से इसकी शिकायत की। पुलिस ने शून्य पर मामला दर्ज कर घटनास्थल होटल का होने के नाते केस डायरी अशोका गार्डन थाने भेज दी है।
बेरोजगारों से की ठगी
बी-सेक्टर, सोनागिरी निवासी 24 वर्षीय संदीप राय बीई पास है। एसआई एसके सरयाम के मुताबिक अपने दोस्तों के जरिए उसकी मुलाकात सच्चिदानंद से जेके रोड पर हुई थी। आरोपी ने उसे और उसके तीन दोस्तों को भी रेलवे में नौकरी लगवाने का झांसा दिया था।
एडवांस के तौर पर उसने एक लाख रुपए भी वसूले थे। इसी बीच संदीप व उसके दोस्तों को पता चला कि आरोपी कुछ अन्य लोगों से भी ठगी कर चुका है। इसके बाद उसने बुधवार को सच्चिदानंद के खिलाफ पिपलानी थाने में शिकायत की थी।