पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

महिला थाने में शिकायत: फ्री बर्ड बनकर रहना चाहता हूं, कहकर तोड़ दिया रिश्ता

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भोपाल. एक इंटरनेशनल कंपनी की एचआर एक्जीक्यूटिव से उसके पति और सास-ससुर ने शादी के कुछ दिनों बाद ही दहेज की मांग शुरू कर दी। पति यह तक कहने लगा था कि "फ्री बर्ड बनकर रहना चाहता हूं। अब तुमने मेरे साथ शादी की है तो भुगतो।' सात महीने तक प्रताड़ना झेलने के बाद आखिरकार महिला ने अपने पति, सास-ससुर और देवर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का प्रकरण महिला थाने में दर्ज करवाया है।

कोलार रोड निवासी अमृता बारगल का विवाह नेहरू नगर में रहने वाले प्रतीक गायकवाड़ से बीती नौ फरवरी को हुआ था। शादी के कुछ दिनों बाद से ही पति ने उससे बेरुखी शुरू कर दी। वजह पूछने पर प्रतीक झुंझला उठता था। यह बात अमृता ने अपनी सास सपना से कही तो उन्होंने अमृता से अपने मां-बाप से कहकर प्रतीक के लिए दिल्ली में एक फ्लैट, कार और गृहस्थी का अन्य सामान मंगाने की बात कही।
परेशान होकर 11 जुलाई को अमृता ने नौकरी भी छोड़ दी। फिर वह पति के साथ दिल्ली चली गई, लेकिन उसके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ। बाद में ससुर भरत और देवर सिद्धार्थ ने भी ताने देने शुरू कर दिए। इससे परेशान होकर अमृता ने महिला थाने में शिकायत की।