भोपाल. एमपी नगर और न्यू मार्केट में मल्टीलेवल पार्किंग बनाने के रास्ते में आ रहीं तमाम सरकारी अड़चनें दूर हो गई हैं। दैनिक भास्कर की पहल के बाद आखिरकार नगर निगम ने पार्किंग का काम शुरू करने के लिए दोनों कंपनियों को इंटीमेशन लेटर शनिवार को रिलीज कर दिए। इसी के साथ मल्टीलेवल पार्किंग का टेंडर लेने वाली दोनों कंपनियों ने 22 फरवरी से काम शुरू करने की घोषणा भी कर दी है।
न्यू मार्केट और एमपी नगर में लंबे समय से मल्टीलेवल पार्किंग की जरूरत महसूस की जा रही है। समाधान मिलजुलकर शृंखला के तहत दैनिक भास्कर ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। इसके बाद व्यापारी भी सहयोग के लिए आगे आए और शहर भर के प्रमुख संगठनों ने निगम कमिश्नर को जल्द पार्किंग निर्माण के लिए पत्र लिखे।
सबके मिले-जुले प्रयासों से अब मल्टीलेवल पार्किंग का काम इसी महीने से शुरू होने जा रहा है। नगर निगम कमिश्नर तेजस्वी नायक ने बताया कि न्यू मार्केट में मल्टीलेवल पार्किंग दो साल में बनकर तैयार हो जाएगी।
इसी हफ्ते जमा कर देंगे बैंक गारंटी
इंटीमेशन लेटर हमें मिल गया है। परफार्मेंस सिक्युरिटी की बैंक गारंटी हम इसी हफ्ते जमा कर देंगे। 22 फरवरी को हम काम शुरू कर देंगे। कोशिश होगी कि तय समय से पहले ही काम पूरा कर दें।
नवीन जैन, एमडी, गुलशन राय जैन कंस्ट्रक्शन कंपनी, इंदौर
तैयारी पूरी, 20 फरवरी तक शुरू कर देंगे काम
^न्यू मार्केट में मल्टीलेवल पार्किंगके निर्माण के लिए हमरी तैयारी पूरी है। हम इंटीमेशन लेटर मिलने का इंतजार कर रहे थे। सरकारी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद 20 फरवरी तक हम काम शुरू कर देंगे।
वीके अग्रवाल, एमडी, वीवीसी रीयल इंफ्रा प्रायवेट लिमिटेड