ट्रेन में बदमाशों को पकड़ने के लिए रेलवे ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
यात्री अब तत्काल दे सकेंगे रेलवे पुलिस को सूचना
अब ट्रेन में बदमाशों और संदिग्ध व्यक्तियों के चढ़ने या फिर किसी अनहोनी की आशंका एवं घटना की सूचना रेलवे पुलिस को यात्री तुरंत दे सकते हैं। सूचना के लिए रेलवे पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है।
रेल इकाई जबलपुर क्षेत्र में लगातार ही ट्रेनों में घटनाओं की सूचना रेलवे पुलिस को प्राप्त हो रही थी, जिसको लेकर पुलिस ने स्टेशनों पर सूचना जारी की है कि यात्री सतर्क रहें और ऐसी कोई स्थिति बनने पर तुरंत ही रेल पुलिस द्वारा चलाएं गए नंबर पर सूचित करें। ताकि ट्रेन काे तुरंत ही अगली स्टेशन पर रुकवाकर उनको पकड़ा जा सके। रेल पुलिस ने एक पत्र जारी किया है, जिसमें बताया गया है कि ट्रेनों में अपराधों के अनुसंधान से यह मामला प्रकाश में आया है कि ट्रेनों में चोरी करने वाने गिरोह उप्र, उत्तराखंड, बिहार व उड़ीसा से आकर स्थानीय होटलों में व्यापारी के रूप में होटल के रजिस्टर में अपनी जानकारी दर्ज करवा रहे हैं। जानकारी अनुसार ट्रेनों में सक्रिय गिरोह के सदस्य ट्रेन आने पर अलग-अलग कोच में अलग-अलग गेट से प्रवेश करते हैं और टारगेट किए हुए यात्री की सीट के पास 1 या दो सदस्य पहुंचकर उसके सामान को रखवाने में मदद करते हैं साथ ही यह सदस्य उसके पास भी बैठ जाते हैं। इसके बाद गिरोह के अन्य सदस्य टारगेट यात्री की सीट के पास जाकर ऊपर की सीट जहां पर टारगेट यात्री का बैग और अटैची रखी होती है, उसके पास बैठ जाते हैं। बाद में गिरोह के सदस्य अटैची और बेग चोरी के उपकरणों की सहायता से बैग में हाथ जाने की जगह को खोलकर बैग और अटैची से कीमती जेवरात व नगदी चोरी कर लेते हैं।
हेल्पलाइन नंबर का प्रचार-प्रसार किया जाएगा: ऐसी घटनाओं से बचने के लिए यात्रियों को सजग रहना होगा और रेलवे पुलिस सूचना मिलने के तुरंत बाद अगली स्टेशन पर यात्री की मदद के लिए पहुंच जाएगा। फिलहाल रेलवे पुलिस ने आदेश जारी किया है।
यह है हेल्पलाइन नंबर
रेलवे पुलिस ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए एक 9479994200 नंबर शुरू कर दिया है, जिस पर लोग ऐसी स्थिति बनने पर तुरंत ही सूचित कर सकता है। पुलिस ने पत्र में लिखा है कि अगर किसी भी यात्री के सामान के पास दो या दो से अधिक अज्ञात व्यक्ति बैठता है, तो पुलिस को तुरंत ही सूचना दे ताकि पुलिस अगले स्टेशन पर ट्रेन को रूकवाकर इन्हें पकड़ने में कामयाब हो।