Âप्रदेश का दूसरा फिलिंग स्टेशन शुरू
Âप्रदेश का दूसरा फिलिंग स्टेशन शुरू
होमगार्ड जवानों के परिजनों को दिया जाएगा काम
भास्कर संवाददाता | टीकमगढ़
खादी वर्दी जनता के विश्वास का प्रतीक है। संकट की घड़ी में लोग पुलिस वालों पर भरोसा जताते हैं। लोगों की सुरक्षा के बाद अब होमगार्ड पेट्रोल पंप के जरिए लोगों को सुविधा मुहैया कराएगा। पंप पर किसी भी तरह की मिलावट न हो, इसका खास ख्याल रखा जाए। लोगों को पूरी शुद्धता के साथ सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है। हमारी थोड़ी सी भूल से वर्दी दागदार हो सकती है। इसलिए खास ध्यान रखा जाए। यह बात शनिवार को आईजी होमगार्ड कमल सिंह राठौर ने छतरपुर रोड स्थित होमगार्ड पेट्रोल पंप के उद्घाटन अवसर पर कही। श्री राठौर ने बताया कि प्रदेश में होमगार्ड का पहला पेट्रोल पंप छतरपुर में खोला गया था। जिसमें क्वालिटी और क्वांटिटी में अलग पहचान बनाई है। अब प्रदेश का दूसरा पंप टीकमगढ़ में खुला है। यहां भी लोगों का भरोसा जीतने में कामयाब होंगे। उन्होंने बताया कि पंप पर होमगार्ड जवानों के परिजनों को नौकरी दी जाएगी। जिससे उनके परिवार वालों को रोजगार हासिल हो सके। कार्यक्रम में एसपी निमिष अग्रवाल ने कहा कि सुविधाओं के अभाव में भी होमगार्ड जवान पूरी मेहनत के साथ काम करते हैं। आपदा के दौरान होमगार्ड जवान अपनी जान पर खेलकर लोगों की जान बचाते हैं। पेट्रोल पंप के माध्यम से भी लोगों का विश्वास जीतेंगे। उन्होंने पुलिस वाहनों में होमगार्ड पेट्रोल पंप से डीजल पेट्रोल भरे जाने की बात कही। इस दौरान भारत पेट्रोलियम के स्टेट कॉर्डिनेटर संजय सूद ने कंपनी की गुणवत्ता के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में विधायक केके श्रीवास्तव, होमगार्ड की डिवीजनल कमांडेंट संगीता शाक्य, डिस्ट्रिक कमाडेंट विनय कैंथवास, एसबीआई ब्रांच मैनेजर अभिषेक शुक्ला, एडीशनल एसपी राकेश खाखा, टीआई मधुरेश पचौरी, पेट्रोल पंप संचालक द्वारका मिश्रा, दिनेश श्रीवास्तव सहित होमगार्ड जवान उपस्थित रहे।
विधायक निधि से
3 लाख दिए
पेट्रोल पंप के उद्घाटन पर विधायक केके श्रीवास्तव ने लोगों की सुविधा के लिए सामुदायिक भवन के लिए 3 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि होमगार्ड जवान प्राकृतिक आपदाओं के दौरान रक्षक बनकर लोगों की मदद करते हैं। पंप की आय से जो राशि प्राप्त होगी। उससे होमगार्ड की व्यवस्थाओं में सुधार होगा। वहीं उनके परिजनों को रोजगार उपलब्ध होगा। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान उन्होंने पेट्रोल पंप शुरू कराने के संबंध में चर्चा की थी।
टीकमगढ़। होमगार्ड के पेट्रोल पंप के उद्घाटन पर उपस्थित अतिथि।
शुद्धता का ध्यान रखें, मिलावट का दाग न लगे
होमगार्ड के पेट्रोल पंप के उद्घाटन अवसर पर आईजी होमगार्ड कमल सिंह राठौर ने दी नसीहत
सुविधा