- Hindi News
- National
- उमा भारती अधिकारियों के साथ आज केन बेतवा परियोजना के कमांड एरिया का करेंगी निरीक्षण
उमा भारती अधिकारियों के साथ आज केन बेतवा परियोजना के कमांड एरिया का करेंगी निरीक्षण
नौगांव से होगी दौरे की शुरुआत, हैलीकॉप्टर से चार स्थानों का दौरा करके टीम कमांड एरिया का निरीक्षण करेगी
भास्कर संवाददाता| छतरपुर
बुंदेलखंड की महत्वाकांक्षी केन बेतवा नदी जोड़ो परियोजना के कमांड एरिया का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को केंद्रीय जल संसाधन मंत्री उमा भारती दौरे पर आ रही हैं। सुश्री भारती के साथ भारत सरकार के उच्च अधिकारियों की एक टीम रहेगी। वे टीम के साथ परियोजना की लिंक नहर के कमांड एरिया का निरीक्षण करेंगे। इस निरीक्षण से परियोजना में डूब में आने वाली जमीन और सिंचाई से होने वाले नुकसान के अनुपात का आकलन किया जाएगा। -
उमा भारती छतरपुर जिले के नौगांव से अपने दौरा की शुरुआत करेंगी। वे सुबह 9 बजकर 45 मिनट पर हैलीकॉप्टर से अधिकारियों के साथ नौगांव पहुंचेंगी। नौगांव में महोबा रोड पर नहर के प्रस्तावित कमांड एरिया का निरीक्षण करने के लिए जाएंगी। यहां पर वे करीब दो घंटे तक रुकेंगी। साथ ही कुछ किसानों से भी चर्चा करेंगी। इसके बाद पूरी टीम टीकमगढ़ जिले के पलेरा के लिए रवाना हो जाएगी। 11 बजकर 45 मिनट पर वे पलेरा पहुंचेंगी। पलेरा से उप्र के महोबा जिले के लिए रवाना होंगी। 12 बजकर 50 मिनट पर महोबा पहुंचेंगी। महोबा से चरखारी के बीच निरीक्षण किया जाएगा। सबसे अंत में वे दोपहर 2 बजकर 45 मिनट पर औरइया पहुंचेंगे। औरइया में निरीक्षण के बाद वे पूरी टीम के साथ दिल्ली के लिए वापस रवाना हो जाएंगी।
अधिकारियों की हाईप्रोफाइल टीम रहेगी साथ
सुश्री भारती के साथ उनके मंत्रालय के अधिकारियों की एक हाईप्रोफाइल टीम दौरे में साथ रहेगी। इनमें केंद्रीय जल संसाधन विभाग के प्रमुख सचिव अमरजीत सिंह, केंद्रीय जल अभिकरण के चेयरमैन श्री झा, नेशनल वाटर डेवलपमेंट एजेंसी के डायरेक्टर जनरल इंजीनियर एस मसूद हुसैन, एनडब्ल्यूडीए के तकनीकी निदेशक एनसी जैन और मंत्री उमा भारती के प्रमुख सचिव समीर वर्मा प्रमुख रूप से दौरा में साथ रहेंगे। केंद्रीय जल संसाधन विभाग की यह टीम केन बेतवा लिंग परियोजना के तहत दोनों नदियों को जोड़ने वाली नहर के कमांड एरिया का निरीक्षण करेगी। इस दौरान परियोजना में डूब में आने वाली किसानों की जमीन से होने वाले नुकसान और नहर की सिंचाई से होने वाले फायदा के अनुपात का आकलन किया जाएगा। इस दौरा के दौरान सुश्री भारती क्षेत्र के किसानों से भी चर्चा करेंगी। किसानों से उनकी जरूरत को समझने का भी प्रयास किया जाएगा।
राहुल, अखिलेश के बाद उमा का दौरा
केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेत्री सुश्री भारती के इस दौरे के राजनीतिक मायने भी हैं। हाल ही में कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी और उप्र के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुंदेलखंड के उप्र में आने वाले हिस्सों का दौरा कर चुके हैं। इन दोनों नेताओं के दौरों के बाद सुश्री भारती बुंदेलखंड के दौरे पर आ रही हैं। उप्र में एक साल बाद विधानसभा चुनाव होना है। इस कारण सुश्री भारती के दौरे को भाजपा को सक्रियता देने के उद्देश्य से भी जोड़ा जाना तय है।