पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सिंहस्थ के दौरान भोपाल गुना उज्जैन रूट पर चलाई जाएंगी 25 स्पेशल ट्रेन

सिंहस्थ के दौरान भोपाल-गुना-उज्जैन रूट पर चलाई जाएंगी 25 स्पेशल ट्रेन

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सिंहस्थ के दौरान भोपाल-बीना-गुना-उज्जैन रूट पर 25 स्पेशल ट्रेन चलाए जाने की योजना की है। इनमें से कुछ सीधे भोपाल से उज्जैन के रूट पर चलेंगी तो कुछ गुना से होकर गुजरेंगी। रेलवे का अनुमान है कि अकेले गुना में रोजाना 4-5 हजार यात्रियों के आवाजाही बढ़ने की संभावना है।

रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार स्थानीय अधिकारियों को कहा गया है कि अतिरिक्त ट्रेनों के परिचालन के लिए इंतजाम कर लिए जाएं। भोपाल से उज्जैन के लिए 25 के अासपास नई ट्रेनें चलेंगी, लेकिन इनमें से कितने बीना-गुना-मक्सी-उज्जैन रूट पर आएंगी, यह तय नहीं हुआ है। बताया जाता है कि ट्रैक की उपलब्धता के आधार पर ट्रेनों को अलग-अलग रूट पर डायवर्ट किया जा सकता है। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि बीना-गुना-रुठियाई रूट पहले से ही काफी व्यस्त है। इस पर 5-6 ट्रेनों के लिए तो गुंजाइश निकाली जा सकती है, लेकिन इससे ज्यादा संख्या होने पर समस्या बढ़ जाएगी।

रेलवे स्टेशन के सामने बनाया जाएगा शेड
गुना में चार से पांच हजार अतिरिक्त यात्रियों की आवाजाही की संभावना को देखते हुए टिकट वितरण व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जाएगा। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इसके लिए पांच अतिरिक्त काउंटर बनेंगे। जो अप्रैल और मई के दौरान काम करेंगे। रेलवे स्टेशन के ठीक सामने शेड बनाने की योजना है, जहां यात्रियों की बढ़ी हुई संख्या को समाहित किया जाएगा। इसके अलावा प्लेटफॉर्म क्रमांक एक पर रैंप बनेगा।

महूगढ़ा तक सेकंड लाइन शुरू करने पर जोर
गुना-रुठियाई दोहरीकरण प्रोजेक्ट को लेकर भी रेलवे तेजी से काम कराने की कोशिश कर रहा है। रविवार को आला अधिकारियों ने इस प्रोजेक्ट का जायजा लिया। उम्मीद की जा रही है कि मेले से पहले गुना से महूगढ़ा तक दूसरे लाइन शुरू कर दी जाए। महूगढ़ा से रुठियाई के बीच चट्टानी इलाका होने की वजह से काम अब भी धीमी रफ्तार से चल रहा है। मेले के दौरान स्पेशल ट्रेनों की आवाजाही के लिए इस रूट की अहमियत बढ़ जाएगी। अगर सेकंड लाइन शुरू हो जाती है तो यात्रियों को काफी हद तक राहत मिलेगी।

फिलहाल प्रस्ताव भेजे हैं
कई प्रस्ताव भेजे गए हैं। स्पेशल ट्रेनों की संभावना भी है। इनकी संख्या 25 के आसपास हो सकती है, लेकिन इनमें से कितनी गुना से होकर गुजरेंगी, यह फिलहाल तय नहीं है। यात्रियों की सुविधाओं के लिए कुछ काम कराए जा रहे हैं। कुछ के प्रस्ताव मंडल को भेजे गए हैं। करीब 10 दिन में तस्वीर साफ हो जाएगी और तमाम प्रस्ताव स्वीकृत होकर काम आरंभ होने की स्थिति बन जाएगी। ऋषि यादव, एईएन गुना

होमगार्ड कार्यालय में अयोजित वॉलंटियर्स सम्मेलन में अपदा के समय कैसे काम करना हैं उसका प्रशिक्षण देते अधिकारी।

सिंहस्थ के लिए होमगार्ड की एक स्पेशल टुकड़ी तैयार
सिंहस्थ मेले के लिए 150 से ज्यादा नए होमगार्ड जवानों की टुकड़ी तैयार की गई है। इन्हें मेले के लिए खासतौर पर तैयार किया गया है। इनकी नौकरी अस्थाई होगी और सिंहस्थ के बाद सेवाएं स्वत: समाप्त कर दी जाएंगी। पिछले तीन माह से इनकी ट्रेनिंग स्थानीय होमगार्ड ट्रेनिंग सेंटर पर हो रही थी।

खबरें और भी हैं...