चित्रकला व निबंध लेखन में दिखाई प्रतिभा
धोबी महासंघ ने आयोजित की प्रतिभा निखारो प्रतियोगिता
भास्कर संवाददाता | गुना
अखिल भारतीय धोबी महासंघ के युवा संगठन द्वारा प्रतिभा निखारो प्रतियोगिता आयोजित की गई। रविवार को संत गाडगे भवन बूढ़े बालाजी में हुई स्पर्धा में मेहंदी, चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताएं हुई। प्रतियोगिता में समाज के बालक- बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान नन्हें- मुन्ने बच्चों ने आकर्षक चित्रकारी की और बालिकाओं ने आकर्षक मेहंदी बनाई। निबंध प्रतियोगिता में बच्चों ने राष्ट्रीय संत गाडगे महाराज के स्वच्छता अभियान पर निबंध लिखे। कार्यक्रम में मेहंदी, चित्रकला के लिए निर्णायक के रूप में सोनम खान, शीतल शर्मा, निबंध प्रतियोगिता के निर्णायक सुरेंद्र सिंह तोमर व सत्येंद्र सगर उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के आखिर में समाज के सभी बालक व बालिकाओं को महान संत गाडगे महाराज के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दिलाया गया।
धोबी महासंघ की प्रतिभा निखारो प्रतियोगिता में चित्र बनाते बच्चे।