कलेक्टर शहर में निकले तो दिखे गंदगी के ढेर
शहर को साफ, स्वच्छ बनाना है तो गंदगी फैलाने वालों पर भी सख्ती करनी चाहिए। सड़कों पर कचरा फेंकने वालों को भी नगर पालिका नोटिस दें। यह निर्देश बुधवार सुबह 6.45 बजे से अचानक शहर के भ्रमण पर निकले कलेक्टर राजेश जैन ने दिए। कलेक्टर ने शहर की स्थिति देखी तो जगह-जगह गंदगी ही दिखाई दी। इससे वह नाराज भी दिखाई दिए।
कलेक्टर राजेश जैन शहर के हालत देखने निकले से पूर्व उन्होंने अपर कलेक्टर नियाज अहमद खान, नपा सीएमओ हरिओम वर्मा को भी बुलाया। इन अधिकारियों के साथ वह हनुमान चौराहा पहुंचे। इसके बाद कई क्षेत्रों में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर ने जहां भी समस्या दिखी। उसे नपा सीएमओ को नोट करने को कहा। हाट रोड होते हुए कलेक्टर संकरी गलियों में भी पहुंचे। यहां भी गंदगी थी। लोग सड़कों पर कचरा फेंक रहे हैं। कलेक्टर को भ्रमण के दौरान कई लोगों ने इस दौरान समस्याएं भी बताईं।
खाली प्लॉट की तार फेसिंग होनी चाहिए : ज्यादातर कचरे के ढेर खाली प्लॉट में देखकर कलेक्टर ने नपा सीएमओ से कहा कि खाली प्लॉट की बाउंड्री कराई जाए। इसके लिए प्लॉट के मालिकों को नोटिस जारी करें। नगर पालिका के मिली जानकारी के अनुसार शहर में 800 से ज्यादा खाली प्लॉट हैं। ज्यादातर में कचरा एवं गंदा पानी जमा है। नपा ने पूर्व में भी इनके मालिकों को नोटिस दिए थे। लेकिन सख्ती नहीं दिखाई। इस वजह से नपा के नोटिस को भी किसी पर असर नहीं हुआ।
अगले सप्ताह फिर
आऊंगा
कलेक्टर ने सवा दो घंटे शहर के कई गली, मोहल्ले एवं वार्ड का भ्रमण किया। उन्होंने नपा अधिकारी से कहा कि अगले सप्ताह फिर आऊंगा। तब ऐसी स्थिति नहीं दिखनी चाहिए। उन्होंने अतिक्रमण हटाने के भी निर्देश दिए।
डस्टबिन रखवाएं
कलेक्टर ने नपा से कहा है कि जहां-जहां जरूरत हैं। वह कचरा एकत्रित करने के लिए डस्टबिन रखवाएं। ताकि लोग सड़कों पर न फेंकते हुए इसे डस्टबिन में ही डालें।
पूर्व कलेक्टर भी कर चुके हैं ऐसे ही प्रयास
पूर्व कलेक्टर श्रीमन शुक्ला भी शहर की सफाई को लेकर प्रयास कर चुके हैं। गुना में पदभार संभालने के बाद उन्होंने विशेष सफाई अभियान छेड़ा था। अधिकारी, कर्मचारियों से भी अपील की थी कि वह श्रमदान करें। हालांकि इस अपील के बाद कलेक्टर की नजर में आने के लिए अधिकारी, कर्मचारी व अन्य लोग श्रमदान करने पहुंच जाते थे। लेकिन कुछ समय बाद कलेक्टर ने इसमें रुचि नहीं दिखाई तो अधिकारी, कर्मचारियों ने भी इससे दूरी बना ली।
आकलन किया है
शहर के सुधार को लेकर क्या प्रयास हो सकते हैं। इसके लिए भ्रमण कर आकलन किया है। सब्जी मंडी, वार्ड एवं अन्य जगह भ्रमण किया है। नपा को सफाई व्यवस्था में ध्यान देने को कहा है। राजेश जैन, कलेक्टर