विवाद हुआ तो वापस स्कूल मंगाया कबाड़
उत्कृष्ट विद्यालय से बिकने पहुंचे कबाड़ के कारण विवाद खड़ा हो गया। मामला तूल पकड़ते देख खुद प्राचार्य दुकान पर पहुंच गए और पूरा सामान वापस बुलवाकर वापस उसे कमरों में भरवा दिया। उनका कहना था कि कबाड़ खरीदने वाले दो कारोबारियों की आपसी प्रतिद्वंद्विता के कारण अनावश्यक रूप से मामले को तूल दिया जा रहा है।
दरअसल बुधवार को लक्ष्मीगंज स्थित एक दुकान पर बड़ी मात्रा में प्रैक्टिकल की पुरानी कॉपियां, कुछ किताबें व अन्य कबाड़ पहुंचा था। बताया जाता है कि कबाड़ लेकर स्कूल का एक कर्मचारी पहले एक दुकान पर गया। जहां रेट सही नहीं मिलने की वजह से वह दूसरी दुकान पर चला गया।
स्कूल प्रबंधन का कहना है कि पहले दुकानदार ने इसके कारण ही इस मामले को तूल दिया। मौके पर मीडिया कर्मी पहुंच गए। उधर कबाड़ बेचने आए स्कूल के कर्मचारी ने प्राचार्य रमेश पांडेय को मामले की जानकारी दी। इसके बाद प्राचार्य खुद पहुंच गए और उन्होंने कहा कि कबाड़ वापस ले चलो।