हम वर्ल्ड कप में खेलना चाहते हैं: सैमी
त्रिनिदाद| वेस्टइंडीज के कप्तान डैरेन सैमी ने कहा है कि खिलाड़ी ट्वेंटी20 वर्ल्ड कप क्रिकेट टूर्नामेंट में खेलना चाहते हैं। वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड (डब्ल्यूआईसीबी) और खिलाड़ियों के बीच पिछले कुछ समय से चल रहे अनुबंध विवाद के चलते उन्होंने यह प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बोर्ड को भेजे गए एक ईमेल में कहा,‘आप बिना किसी उचित कारण के हमारे साथ अन्याय नहीं कर सकते। बतौर कप्तान मैं चाहता हूं कि मामला जल्द से जल्द सुलझ जाए और हम इस मेगा टूर्नामेंट की तैयारियों में जुट जाएं।’ सैमी ने साथ ही कहा ,‘ बोर्ड के साथ जो करार हुआ था उसे लेकर खिलाड़ी खुश नहीं है। बोर्ड ने अनुबंध की जो शर्तें रखी हैं वह बेहद कठिन और अस्वीकार्य हैं। आप हमारे साथ अन्याय नहीं कर सकते। हमें उम्मीद है कि बोर्ड खिलाड़ियों के प्रति नरमी का रुख अपनाते हुए मामले को जल्द ही सुलझा लेगा।’
उल्लेखनीय है कि डब्ल्यूआईसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) माइकल मुइरहैड ने स्पष्ट करते हुए कहा था कि टूर्नामेंट के लिये खिलाड़ियों ने दोगुना पारिश्रमिक की जो मांग की है उस मांग को किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में बाेर्ड की अोर से वर्ल्ड कप में दूसरे दर्जे की टीम भेजे जाने की ज्यादा संभावना बढ़ गई है।