पंचकल्याण महोत्सव शुरू, ऐरावत पर निकले भगवान के माता-पिता
सीमंधर भगवान के पंच कल्याण महोत्सव की शुरुआत शुक्रवार को शोभायात्रा के साथ हो गया। बजरंगगढ़ रोड स्थित आयोजन स्थल पर धर्मध्वजारोहण किया गया। इससे पहले ऐरावत हाथी पर भगवान के माता-पिता सवार होकर निकले। अगले पांच दिन तक यही इस पूरे आयोजन का केंद्र रहेंगे। इस कार्यक्रम के दौरान तकरीबन 10 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह 6 बजे से मंगल गायन के साथ हुई। इसके बाद साढ़े 8 बजे से शोभायात्रा आरंभ हुई। इसमें ऐरावत हाथी खास आकर्षण था। उस पर भगवान सीमंधर के माता-पिता के रूप में सतोषनी जैन एवं सुभाषचंद जैन सवार थे। मीडिया प्रभारी जैनेंद्र जैन ने बताया कि वे इस पूरे आयोजन के दौरान भगवान के माता-पिता की भूमिका में रहेंगे। इस दौरान भगवान के गर्भ में आने, उनके जन्म, ज्ञान, मोक्ष आदि से जुड़े प्रसंगों को याद किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह पूरा कार्यक्रम पं. राजकुमार शास्त्रीजी के निर्देशन में हो रहा है।
पहला कल्याणक आज
पहला कल्याणक शनिवार को होगा। इसे गर्भ कल्याणक कहा जाता है। इसकी शुरूआत मंगलवार को सुबह 6 बजे से होगी। देर शाम तक कार्यक्रमों का सिलसिला चलेगा।
ऐरावत हाथी पर सवार होकर निकले भगवान के माता-पिता।