कार्यालय संवाददाता| गुना
कार्यालय संवाददाता| गुना
शनिवार दोपहर एक बेकाबू ट्रैक्टर नो-एंट्री में घुस गया और एक बाइक को टक्कर मार दी । इससे बाइक पर सवार तीनों युवक बाइक सहित नीचे गिर गए। इस दौरान ट्रैक्टर उनके ऊपर से निकल गया। इससे बाइक पर सवार एक युवक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई वहीं दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
शनिवार दोपहर 1.30 बजे के लगभग कलेक्टोरेट रोड एसबीआई बैंक के सामने हादसा हुआ। गुना से कैंट तरफ सीमेंट लेकर तेज गति से ट्रैक्टर आ रहा था। इसी बीच गुलाबगंज निवासी रवि पुत्र केसरीलाल कुशवाह एवं उसके साथी राम सिंह व संजय सिंह पुलिस पेट्रोलपंप से बाइक में पेट्रोल भरा कर लौट रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर ने टक्कर दे मारी। ट्रैक्टर तीनों युवक के ऊपर से निकल गया। बाइक ट्रैक्टर के नीचे ही दबी रही। रवि की कमर टूट गई। वहीं उसके साथी राम का पैर टूट गया। संजय भी घायल हो गया। लोगों ने इसकी सूचना डायल 100 एवं एंबुलेंस 108 को दी । 20 मिनट बाद यह वाहन घटना स्थल पर पहुंचे। तब जाकर घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। इस दौरान रवि की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर लिया है।
सुबह 11 से रात 9 बजे तक नो-एंट्री : शहर में सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक नो-एंट्री व्यवस्था लागू हैं। वही बड़े वाहनों के लिए नो-एंट्री सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक है। इसके बाद ही यह वाहन शहर में प्रवेश कर सकता है।
कब कितने हादसे
शहर में ट्रैक्टर-ट्राली दुर्घटनाओं में मौत का आंकड़ा कम हुआ है। लेकिन फिर नो-एंट्री तोड़े जाने से घटनाओं की आशंका गहरा गई है। जनवरी से अगस्त माह के बीच ट्रैक्टर-ट्राली से 18 हादसे हुए। इसमें 7 लोगों की मौत हुई। जबकि 16 लोग घायल हुए थे।
चालक फरार
नो एंट्री में वाहन घुसने पर कार्रवाई की जाती है । ट्रैक्टर जब्त कर लिया है। चालक फरार है। सत्येंद्र सिंह तोमर, एडिशनल एसपी
सीमेंट लेकर जा रहा था ट्रैक्टर, पेट्राेल भरवाकर आ रहे थे बाइक सवार
पलटना पड़ा था प्रशासन को फैसला
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में 7 माह पहले लिए गए फैसले को प्रशासन को पलटना पड़ा था। पहले नो-एंट्री व्यवस्था सुबह 9 बजे से लागू की जा रही थी। लेकिन इसके खिलाफ कारोबारी जमीन पर उतर आए थे। उन्होंने विरोध शुरू कर दिया था। शहर के लोगों की सुरक्षा के मुद्दे को दरकिनार कर प्रशासन अपने ही आदेश को पलट दिया था। पुन: सड़क सुरक्षा समिति की बैठक बुलाई। इसमें नए सिरे से व्यवस्था लागू की गई। लेकिन इसका भी पालन नहीं हो रहा है।
हादसे के ती घंटे बाद फिर नो-एंट्री में घुसा एक और ट्रैक्टर
हादसे के मात्र 3 घंटे बाद ही फिर नो-एंट्री में एक ट्रैक्टर घुसा। इसमें ईंटें लदी हुई थीं। ट्रैक्टर को यातायात पुलिस ने जयस्तंभ चौराह के पास से पकड़ लिया। वहीं पुलिस ने बीजी रोड से भी एक ओवर लोड ट्रक पकड़ा। यह ट्रक सड़क पर खड़ा था।
अब तक आठ ट्रैक्टर एवं 11 ट्रकों पर हो चुकी है कार्रवाई
नो-एंट्री में वाहनों के प्रवेश करने के मामले में 1 दिसंबर 2015 से लेकर अब तक 8 ट्रैक्टर एवं 11 ट्रकों पर जुर्माना किया जा चुका है। इन सभी से 5-5 हजार रुपए समन शुल्क वसूला गया है।
कलेक्टोरेट के पास ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे बाइक पूरी तरह से चकनाचूर हो गई।
कलेक्टोरेट के पास ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे आए युवकों को अस्पताल पहुंचाने के लिए वाहन की व्यवस्था में लगे पुलिसकर्मी । हादसे के दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई।
तीनों युवकों के ऊपर से निकला ट्रैक्टर,दो युवक जिला अस्पताल में भर्ती, ट्रैक्टर चालक फरार
हादसा|नो एंट्री में घुसा ट्रैक्टर तेज रफ्तार में था, बाइक पूरी तरह चकनाचूर हुई
ट्रैक्टर ने 3 बाइक सवारों को कुचला एक की मौत और दूसरे का पैर टूटा