पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • 3.3 To 3.8 Cm Of Rain Fell In 24 Degree Temperatures

24 घंटे में 3.8 सेमी बारिश से 3.3 डिग्री गिरा तापमान, बढ़ी ठंड

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ग्वालियर. शहर में जहां एक ओर तानसेन समारोह में संगीत के सुर बह रहे हैं, वहीं आसमान से हुई बारिश भी मानो अपना ही राग सुना रही है। शुक्रवार से शनिवार तक 24 घंटे में 3.83 सेंटीमीटर रिकार्ड बारिश से पारा 3.3 डिग्री सेल्सियस गिरा और दिन का तापमान 18.8 डिग्री पर आ गया।
दिन और रात के तापमान में कुल पांच डिग्री के अंतर से दिन में भी ठिठुरन भरी ठंड बढ़ गई। यही नहीं भिंड, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी व दतिया जिलों में बारिश से फसलों को नया जीवनदान मिला है। मुरैना जिले के पहाड़गढ़ के ग्राम सहसराम व उसके आसपास के इलाकों में शुक्रवार की रात ओलावृष्टि होने की खबर है।
आसमानी बिजली गिरने से 3 की मौत, 1 झुलसा
दो दिन से हो रही बारिश के दौरान अंचल के मुरैना जिले में आसमानी बिजली गिरने से शनिवार सुबह नाथू सिंह (55) व रामवीर (22) की मौत हो गई।
हादसे के वक्त दोनों अपने खेतों में काम कर रहे थे। इसी प्रकार भिंड जिले के अकोड़ा गांव में नारायण सिंह व उनके बेटे वीरसिंह के ऊपर आसमानी बिजली गिरी। इसमें नारायण की मौत हो गई, पुत्र झुलस गया है।
बारिश ने बढ़ाई ठिठुरन, जल उठे अलाव
शहर में 3.83 सेंटीमीटर बारिश से शनिवार को दिन का तापमान 24 घंटे में 3.3 डिग्री गिरकर 18.8 डिग्री सेल्सियस रह गया। इससे ठिठुरन भरी ठंड शुरू हो गई। अलाव भी जल उठे। दक्षिणी -पूर्वी राजस्थान में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के चलते शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात और शनिवार को दिनभर में गरज-चमक के साथ रुक-रुककर तेज बारिश होती रही।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले साल दिसंबर माह में कुल बारिश 3.5 सेमी हुई थी। इस साल की मावठ की पहली बारिश में ही 3.83 सेमी बारिश हुई। आगामी 48 घंटे में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। साथ ही कुहासा भी छा सकता है।
महानगर में शुक्रवार दोपहर से ही बादल घिरना शुरू हो गए थे। रात करीब 11.55 बजे से हल्की बूंदाबांदी होने लगी थी। देर रात से रुक -रुक कर तेज बारिश प्रारंभ हो गई। शनिवार को धूप नहीं निकली। सुबह से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला रुक रुककर शाम साढ़े चार बजे तक जारी रहा। इस दौरान चली तेज हवा से सर्दी और बढ़ गई।
बारिश के कारण इस सीजन में पहली बार दिन का तापमान 19 डिग्री से नीचे आया है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो शनिवार को 3.3 डिग्री सेल्सियस गिरकर 18.8 डिग्री सेल्सियस रह गया। यह सामान्य से 6.1 डिग्री सेल्सियस कम रहा। न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 13.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह सामान्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
सुबह नौ बजे से पहले नहीं लगेंगे स्कूल
बढ़ती ठंड व बारिश को देखते हुए कलेक्टर पी. नरहरि ने प्राइवेट व सरकारी स्कूलों के समय में 14 जनवरी तक बदलाव कर दिया है। प्राथमिक से बारहवीं तक के स्कूलों में सुबह नौ बजे से पहले एवं शाम चार बजे के बाद क्लासेस नहीं लगेंगी।
जो जहां था वहीं थम गया
बारिश के कारण शनिवार को लोगों की दिनचर्या बदल गई। सुबह देर से उठे लोग नौकरी और व्यावसायिक स्थलों पर देर से पहुंचे। दिन में बारिश के कारण बाजार सूने रहे। व्यापारी दिन में अलाव जलाकर हाथ तापते दिखाई दिए। नाश्ते की दुकानों पर भीड़ दिखाई दी।
10 साल में नहीं हुई ऐसी बारिश
मौसम विभाग में दर्ज आंकड़ों के अनुसार पिछले दस साल में एक ही दिन में इतनी बारिश नहीं हुई। 31 दिसंबर 2013 को सर्वाधिक बारिश 3.2 सेमी दर्ज की गई थी। शनिवार को हुई बारिश ने ये रिकार्ड तोड़ दिया। शनिवार को 3.83 सेमी बारिश दर्ज की गई।
महानगर में मावठ की पहली बारिश के कारण शनिवार बीते सात साल में सबसे ठंडा रहा। रातभर हुई बारिश से जहां सड़कों पर पानी भर गया, वहीं उपनगर ग्वालियर और मुरार की निचली बस्तियों में पानी भरने की समस्या सामने आई।
मावठ की बारिश से फसलों को फायदा
विजयाराजे सिंधिया कृषि विवि के वैज्ञानिक डॉ. एचएस यादव ने बताया कि मावठ की बारिश से अभी तो फसल को फायदा है लेकिन लगातार बादल छाए रहे व वातावरण में नमी का प्रभाव बना रहा तो नुकसान भी हो सकता है।
सरसों की फसल व सब्जियों में झुलसा रोग लगने का खतरा है। कोहरा अधिक पड़ने पर सरसों में माहू लग सकती है। चने की फसल को फायदा है लेकिन मौसम में थोड़ी गरमाहट आई तो इल्ली का प्रकोप शुरू हो जाएगा। इसलिए किसानों को अभी से अलर्ट रहना होगा।