रामेंद्र का बैग और कपड़े भी मिले
रामेंद्र गुर्जर अपहरणकांड में पुलिस ने रामेंद्र के कपड़े और बैग बरामद कर लिया है। अपहरणकर्ताओं ने इन्हें रास्ते में फेंक दिया था। रामेंद्र का स्कूल से अपहरण करने के बाद अपहरणकर्ताओं ने उसके कपड़े बदल दिए थे। पूछताछ के दौरान अपहरणकर्ताओं ने बताया कि उन्होंने कुछ और बड़े स्कूलों की सूची बनाई थी मौका मिलता तो वहां भी वारदात को अंजाम दे सकते थे।
महाराजपुरा थाने की पुलिस ने अपहरणकांड के 2 आरोपियों सतीश गुर्जर और बादल दुबे को गिरफ्तार करने के साथ ही फिरौती के रूप में लिए गए 17.70 लाख रुपए भी बरामद कर लिए थे। पूछताछ के बाद उन्होंने रामेंद्र का बैग और कपड़े भी बरामद करवा दिए। अपहरणकर्ताओं ने बताया कि उन्हें पुलिस पकड़ नहीं पाती तो वे अपहरण की कुछ और वारदात को अंजाम दे देते। इसके लिए उन्होंने स्कूलों की सूची भी बनाई थी। इसके अलावा पुलिस अब फर्जी आईडी से सिमकार्ड अपहरणकर्ताओं को देने वाले गौरव शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने की तैयारी भी कर रही है।
मेले में गोली चलने की सूचना, मामला झगड़े का निकला
गोला का मंदिर में स्थित व्यापार मेले की छत्री नंबर 3 पर गोली चलने की सूचना ने पुलिस को परेशान कर दिया। रविवार रात लगभग 12 बजे पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो पता चला कि यहां पर व्यापारियों के बीच विवाद तो हुआ था लेकिन गोली नहीं चली। देर रात तक यहां पर झगड़ा करने वालों के नाम भी सामने नहीं आए थे।