थाने पर हंगामा, घेराव, बालिका दिल्ली रेफर
नाका चंद्रवदनी इलाके में ऊपर से आई गोली लगने से घायल हुई बालिका के परिजन और समर्थक रविवार की सुबह झांसी रोड थाने पर पहुंच गए। उन्होंने 2 घंटे तक थाना घेरा और हंगामा किया। उनका कहना था कि गोली चलाने वाले को गिरफ्तार किया जाए और बालिका का अच्छा इलाज कराया जाए। हंगामे के बाद थाने पहुंचे सीएसपी डीवीएस भदौरिया ने परिजन को कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों से अच्छे इलाज के लिए बातचीत भी की। बाद में बालिका को दिल्ली रेफर कर दिया गया। अारोपी भूपेन्द्र दुबे को पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया।
नाका चंद्रवदनी पर रहने वाली बालिका जाह्नवी (9) पुत्री संतोष पारदी शनिवार की शाम घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान ऊपर से आई गोली उसकी पीठ में लग गई। बालिका को लहूलुहान देखकर परिजन और पड़ोसी इकट्ठे हो गए। उसे अस्पताल ले गए, इसके साथ ही झांसी रोड थाना पुलिस को भी सूचना दी। रविवार की सुबह लगभग 9 बजे बालिका के परिजन झांसी रोड थाने पहुंचे और घेराव कर नारेबाजी शुरू कर दी। लगभग 1 घंटे तक वे हंगामा करते रहे। इसके बाद यह लोग ट्रैफिक जाम करने के लिए सड़क पर पहुंचे, तो सीएसपी डीवीएस भदौरिया वहां पहुंच गए। उन्होंने बालिका के परिजन तथा प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने की कोशिश की। श्री भदौरिया ने उन्हें कल से अब तक हुई पुलिस कार्रवाई के बारे में समझाया। उन्होंने कहा, गोली चलाने वाले के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है तथा तलाश की जा रही है। परिजन का कहना था, बालिका का इलाज भी अस्पताल में अच्छी तरह से नहीं हो रहा है। उसकी भी व्यवस्था की जाए। इसके बाद सीएसपी श्री भदौरिया परिजन को लेकर अस्पताल पहुंचे। वहां पर डॉक्टरों से स्वास्थ्य के बारे में चर्चा की। बाद में बालिका को दिल्ली रेफर कर दिया गया। उसके लिए एंबुलेंस की व्यवस्था रेडक्रॉस द्वारा की गई।
हर्ष फायर करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ सदोष मानव वध के प्रयास की धारा भी बढ़ाई जाएगी। डीबीएस भदौरिया, सीएसपी, झांसी रोड
झांसी रोड थाने का घेराव करते आक्रोशित लोग।