वेलेंटाइन डे के दिन बंधे विवाह के अटूट बंधन में
ग्वालियर|इनके परिवार की आर्थिक स्थिति खराब थी, जब परिवार के सदस्यों ने सभी उम्मीदें छोड़ दी तब इनके लिए मसीहा बनकर आया नारायण वृद्धाश्रम। संस्था से जुड़े सदस्यों ने गरीब कन्याओं की शादी के लिए प्यार और मोहब्बत का सबसे बड़ा पर्व वेलेंटाइन-डे का दिन चुना। अवसर था रविवार को नारायण वृद्धाश्रम में सामूहिक शादी समारोह का।
संस्था पिछले 15 साल से गरीब कन्याओं की शादी कराती आ रही है। इस बार संस्था ने 16 वां विवाह सम्मेलन आयोजित किया है। इस सम्मेलन में 11 कन्याओं का विवाह कराया गया है। इन कन्याओं का आशीर्वाद देने के लिए बतौर मुख्य अतिथि के रूप में संत कृपाल सिंह मौजूद थे। उन्होंने सभी कन्याओं को आश्वासन भी दिया कि उनकी मदद के लिए हमेशा साथ हैं। अध्यक्षता नारायण वृद्धाश्रम की संचालिका डॉ. लक्ष्मी गर्ग ने की। शहर की गणमान्य महिलाओं ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर वर -वधू को आशीर्वाद दिया और उन्हें उपहार भेंट किए।
डॉ. लक्ष्मी गर्ग बताया कि नारायण वृद्धाश्रम में 14 फरवरी के दिन ही गिर्राज जी की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी। पहले वह इस दिन भंडारा करती थीं। 15 साल पहले यह विचार आया कि इस दिन गरीब कन्याओं का विवाह कराकर उनके जीवन में खुशियां लाई जाएं। इसी कामना से विवाह सम्मेलन आयोजित करते आ रहे हैं।
अग्रवाल परिचय सम्मेलन 12 अप्रैल को
ग्वालियर| अखिल भारतीय अग्रवाल परिचय समिति द्वारा 12, 13 एवं 14 अप्रैल को अग्रवाल युवक-युवती परिचय सम्मेलन ग्वालियर में किया जा रहा है। यह सम्मेलन देववन गार्डन, छत्री मंडी मैदान के पीछे आयोजित होगा। सम्मेलन वृहद एवं राष्ट्रीय स्तर पर किया जाना सुनिश्चित है। सम्मेलन के लिए 250 से अधिक प्रत्याशियों के पंजीयन कराए जा चुके हैैं। संयोजक कन्हैयालाल अग्रवाल ने यह जानकारी दी।
नारायण वृद्धाश्रम मंे सामूहिक विवाह समारोह में मौजूद वर-वधू एवं परिजन।