मीटर खत्म, ग्राहक परेशान
ग्वालियर में एक हजार से अिधक उपभोक्ता मीटर खराबी के कारण आ रही आंकलित खपत से परेशान हैं। इनके मीटर शॉर्ट सर्किट या अन्य किसी कारण से खराब हो चुके है और अफसर मीटर न होने के बात कहकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं।
ग्वालियर डीबी स्टार
ग्वालियर में मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कम्पनी के 2 लाख 29 हजार उपभोक्ता हैं। इनमें से एक हजार से अिधक उपभोक्ताओंं ने मीटर बदलने के लिए आवेदन दिया है। एक माह से अिधक समय होने के बाद भी इनके मीटर नहीं बदले गए हैं। जब भी उपभोक्ता बिजली कंपनी के कार्यालय जाकर पूछताछ करते हैं, तो उन्हें मीटर न होने की बात कहकर लौटा दिया जाता है। वर्तमान में बिजली कंपनी के एरिया स्टोर में मीटर ही मौजूद नहीं हैं। मीटर न होने के बाद भी हर माह इन्हें 200 से 300 यूनिट आंकलित खपत के बिल भेजे जा रहे हैं। इससे बिजली उपभोक्ता बहुत परेशान हो रहे हैं। कुछ उपभोक्ताओं की शिकायत पर डीबी स्टार टीम ने जब इस बारे में अफसरों से बात की, तो वे मामले की जांच करने की बात कहने लगे।
खरीदते हैं घटिया मीटर
वर्तमान में कई कंपनियां इलेक्ट्रॉनिक मीटर बना रही हैं। ऐसे में कंपनियों में प्रतिस्पर्धा चल रही है, जिसके कारण अधिकारियों को कंपनियां उपभोक्ताओं के यहां अपने मीटर अधिक से अधिक लगाने के लिए मोटा कमीशन भी दे रही हैं। ऐसे में जो कंपनियां अधिक मोटा कमीशन देती हैं, अधिकारी उसी कंपनी का मीटर खरीद लेते हैं और उपभोक्ताओं के घरों में लगवा देते है। अधिकांश बार मीटर की क्वालिटी घटिया होती है और वह कुछ ही दिनों में जल जाता है। इसके बाद फिर से विद्युत विभाग द्वारा उपभोक्ताओं के घरों पर आंकलित बिल भेजना शुरू कर दिया जाता है।
रीडिंग कम बिल ज्यादा
विद्युत वितरण कंपनी ने नए रीडरों को अपने यहां कार्य पर रखा है, लेकिन इनमें से अधिकांश रीडर ऐसे हैं, जो उपभोक्ताओं के घरों पर जाते ही नहीं है और अपनी मर्जी से विद्युत रीडिंग बना रहे हैं। इसके कारण विनय नगर, उरवाई गेट पर कुछ उपभोक्ताओं के घरों पर अधिक बिल आने के बाद उन्होंने अपने मीटरों की रीडिंग को चेक किया, तो वह कम निकली, लेकिन बिल में रीडिंग अधिक लिखी हुई थी।
मैं पता करता हूं
 ग्वालियर में उपभोक्ताओं को नए मीटर नहीं मिल रहे हैं, तो यह गंभीर मामला है। मैं अभी अधिकारियों से बात कर मामले की पूरी जानकारी लेता हूं। कप्तान सिंह, सीजीएम मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी
एक माह में भी नहीं लगा मीटर
मैंने नया मीटर लगवाने के लिए आवेदन दियाथा, लेकिन एक माह बीत जाने के बाद भी आज तक नया मीटर नहीं दिया गया है। रामस्वरूप, शिकायतकर्ता