सर,बिल के नाम पर काट ली आधी सैलरी
डीआरपी लाइन में एसपी ने किया परेड का निरीक्षण
सिटी रिपोर्टर|ग्वालियर
सर, हम लोगों का आधा वेतन तो पानी के बिल के नाम पर काट लिया गया है। अब हम परिवार कैसे चलाएं? इसे किश्तों में काटा जाता तो हमें भी संकट का सामना नहीं करना पड़ा। एसपी हरिनारायणचारी मिश्रा शुक्रवार की सुबह जनरल परेड के बाद पुलिसकर्मियों से मिले तो उन्होंने अपनी यह समस्या सामने रख दी।
श्री मिश्रा ने तुरंत ही इस समस्या को सुलझाने के निर्देश रक्षित निरीक्षक मनोज वर्मा को दिए। इसके अलावा कुछ और समस्याएं भी पुलिसकर्मियों ने उठाईं उन्हें सुलझाने के निर्देश भी दिए हैं। इससे पहले श्री मिश्रा ने परेड का निरीक्षण भी किया यहां पर कुछ पुलिसकर्मियों के कदम सही नहीं पड़ रहे थे उन्हें हिदायत दी है, जबकि अच्छी परेड करने वाले 25 पुलिसकर्मियों को इनाम दिए जाने की घोषणा भी उन्होंने की। एसपी श्री मिश्रा शुक्रवार की सुबह परेड का निरीक्षण करने पहुंचे थे। परेड के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों के कदम ठीक नहीं पड़ रहे थे, कुछ लेफ्ट टर्न की जगह राइट टर्न ले गए। इस पर श्री मिश्रा ने नाराजगी जताई और परेड कमांडर को निर्देश दिए कि परेड को दुरुस्त कराएं। इसके अलावा 25 पुलिसकर्मियों का टर्न आउट अच्छा था, जिसके चलते उन्हें इनाम देने की घोषणा की गई। श्री मिश्रा ने पुलिसकर्मियों से कहा कि उन्हें अच्छा दिखना, अच्छा काम करना है और चुस्त-दुरुस्त रहना है।
यह आईं समस्याएं, समाधान का आश्वासन मिला
एसपी श्री मिश्रा ने परेड के बाद पुलिसकर्मियों से बातचीत की, उनकी समस्याएं सुनी और समाधान का आश्वासन भी दिया।
पुलिस लाइन में सीवर की समस्या है, इसकी नियमित सफाई कराई जाए।
पानी के बिल के नाम पर 14 से 20 हजार रुपए तक काट लिए गए हैं। इसके बाद परिवार पालने के लिए भी रुपए नहीं बचे हैं। इस पर श्री मिश्रा ने कहा कि यह इतने रुपए कैसे कटे वह पता करवाएंगे और अगर गलत कटे हैं तो इन्हें खाते में वापस करवा दिया जाएगा। इसके निर्देश उन्होंने रक्षित निरीक्षक मनोज वर्मा को दिए हैं।
कुछ पुलिसकर्मियों ने प्रमोशन लिस्ट में नाम होने के बावजूद प्रमोशन न दिए जाने की शिकायत भी की।
रुपए काटने में हुई गड़बड़ी, अब होंगे वापस
पानी के बिल के रुपए काटने में गड़बड़ी हुई है अब जो पुलिसकर्मी गड़बड़ी का शिकार हुए हैं उनके रुपए वापस करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। पुलिस लाइन में बोरिंग से पानी की सप्लाई होती है। इसका बिल काफी समय से पेंडिंग था इसको चुकता करने के लिए पुलिसकर्मियों के वेतन से कटौती की गई है। इस मामले में रक्षित निरीक्षक मनोज वर्मा का कहना है कि लिपिकीय स्तर पर गलती हुई है, इसमें सुधार करते हुए जिनके ज्यादा रुपए काटे गए हैं उनके खाते में वापस किए जा रहे हैं।
डीआरपी लाइन में परेड का निरीक्षण करते एसपी हरीनारायणचारी मिश्रा।