निगम अमले ने अस्थायी अतिक्रमण हटाए, जुर्माना वसूल कर चेताया
नगर निगम ने शुक्रवार को अतिक्रमण हटाओ मुहिम के तहत गोला का मंदिर से भिण्ड रोड और उपनगर ग्वालियर इलाके में कार्रवाई की। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में नगर निगम के अपर आयुक्तों ने कार्रवाई को लीड किया। कार्रवाई के दौरान अस्थायी अतिक्रमण, दासे-चबूतरे, टीन शेड तोड़े गए। गंदगी पाए जाने पर जुर्माना लगाया गया। दुकान की सीमा से बाहर रखे हर तरह के सामान को जब्त कर लिया गया। इस दौरान अतिक्रमणकारियों ने छुटपुट विरोध किया, लेकिन अफसरों की समझाइश पर वे पीछे हट गए।
अतिक्रमण हटाओ मुहिम के तहत गोला का मंदिर चौराहा से डीडी नगर तक अपर आयुक्त एमएल दौलतानी के नेतृत्व में कार्रवाई शुरु हुई। पुलिस फोर्स की मौजूदगी में सड़क के एक तरफ से अस्थायी अतिक्रमण, टीन शेड, दासे और चबूतरे तोड़ना शुरू किया गया। यहां भिंड रोड पर कार्रवाई के दौरान ऐसी तमाम दुकानें मिलीं जिनका खुद का एरिया जरा सा था और वे 4 से 5 गुना क्षेत्र पर कब्जा करके दुकान चला रहे थे। ऐसे दुकानदारों को निगम पिछला किराया जमा करने का नोटिस देगा। यहां अस्थायी अतिक्रमण के साथ बोर्ड,बैनर भी जब्त किए गए। डीडी नगर गेट से पहले एक दुकान ऐसी मिली जिसने सरकारी 3000 वर्ग फीट जमीन पर कब्जा किया हुआ था,इस दुकान को निगम अमले ने हटाया। सड़कों पर गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों पर जुर्माना ठोका गया। उपनगर ग्वालियर में प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में अपर आयुक्त संदीप माकिन ने कार्रवाई कराई। चार शहर का नाका से लेकर हजीरा चाैराहा क्षेत्र में जेसीबी चली।
जुर्माने से बचने बंद कर ली दुकानें
उपनगर ग्वालियर इलाके में जुर्माना की कार्रवाई से बचने के लिए कुछ दुकानदारों से अपनी दुकाने जल्दबाजी में बंद कर लीं। यहां निगम अमले ने दुकान मालिक को बुलवाकर दुकान खुलवाई और जुर्माना वसूला। इसी तरह कुछ दुकानदारों ने बोर्ड टीन शेड हटाने का विरोध किया लेकिन फोर्स देख लोग पीछे हट गए।
सड़क पर बने अतिक्रमण को तोड़ता निगम का अमला।