ग्वालियर
ग्वालियर डीबी स्टार
राजा मानसिंह तोमर संगीत यूनिवर्सिटी में शुरू से संगीत, डांस, थियेटर और फाइन आर्ट्स की पढ़ाई चल रही है। समय के साथ-साथ यूनिवर्सिटी ने अपना दायरा बढ़ाने के प्रयास शुरू किए। इनमें एक वर्षीय सर्टिफिकेट कोर्स और ग्रेजुएट डिग्री का प्रस्ताव तैयार कर संस्कृति विभाग के पास पहुंचाया था। कुछ आपत्तियों के बाद प्रस्ताव को फाइनल कर फिर से पहुंचाया गया।
संस्कृति विभाग ने पूरे प्रस्ताव का अध्ययन कर कुलाधिपति रामनरेश यादव को अनुमति के लिए भेजा था। कुलाधिपति की अनुमति के बाद संस्कृति विभाग ने आदेश जारी कर दिया है। विभाग के उप सचिव राजेश कुमार मिश्रा के आदेश से एक पत्र यूनिवर्सिटी को भेजा गया। उसमें एक वर्षीय सर्टिफिकेट कोर्स (टैक्सटाइल डिजाइन, पॉटरी सेरेमिक आर्ट, फैशन डिजाइनिंग एवं फोटोग्राफी) के साथ-साथ बैचलर ऑफ डिजाइन कोर्स शुरू करने को कहा गया है। नए कोर्स शुरू करने के आदेश आने के बाद संगीत यूनिवर्सिटी में नई कक्षाओं के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। इन कोर्सों का सिलेबस भी बनकर फाइनल हो चुका है। उसी से प्रदेश के संगीत से जुड़े सरकारी और निजी कॉलेजों में नए कोर्स की शिक्षा दी जाएगी।
ये दोनों कोर्स स्ववित्तीय रहेंगे। अभी छात्र-छात्राओं को पढ़ाने के लिए अतिथि शिक्षकों को बुलाया जाएगा। फिर शासन को पत्र भेजकर पदों की डिमांड की जाएगी। उसके बाद शिक्षकों की स्थायी नियुक्ति होगी।
नए कोर्स की डिग्री तीन साल में
बैचलर ऑफ डिजाइन कोर्स तीन साल में पूरा कराया जाएगा। इस पूरे कोर्स में छह सेमेस्टर सिस्टम रहेंगे। इसके साथ सटिर्फिकेट कोर्स एक-एक साल के लिए रहेगा।
7500 रुपए फीस
बैचलर डिग्री के लिए 20 सीटों की निर्धारण किया गया है। सर्टिफिकेट कोर्स में 10-10 सीटें तय की गई हैं। प्रति सेमेस्टर छात्रों को 7500 रुपए की राशि जमा करना होगी।
विश्वविद्यालय में इसी सत्र से होगी नए कोर्सों की शुरूआत