यूनिवर्सिटी रोड के घटिया निर्माण पर हाईकोर्ट ने पीडब्लूडी से मांगा जवाब
यूनिवर्सिटी रोड से न्यू कलेक्टोरेट तक जाने वाली रोड के निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ में दायर जनहित याचिका पर मंगलवार को सुनवाई हुई।
कोर्ट ने याचिका पर सुनवाई के बाद पीडब्लूडी से दो सप्ताह में जवाब तलब किया है। जस्टिस आरएस झा व जस्टिस एमके मुदगल की डिवीजन बेंच में याचिकाकर्ता के अधिवक्ता उमेश बौहरे ने तर्क रखा कि यूनिवर्सिटी रोड के निर्माण के लिए पीडब्लूडी के पास कोई योजना नहीं है। रोड में डिवाइडर भी सही दूरी पर नहीं बनाए जा रहे हैं।
साथ ही नालियां भी बहुत छोटी बनाई जा रहीं हैं। जो कि तकनीक के अनुकूल नहीं है। याचिकाकर्ता गिर्राज सिंह ने याचिका में कहा कि रोड के निर्माण कार्य में तकनीकी का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। कोर्ट ने याचिका पर सुनवाई के बाद पीडब्लूडी से जवाब तलब किया है।