आज समीक्षा बैठक व सेमिनार
कपड़ा कारोबार को फॉर्म 49 से राहत देगी सरकार
प्रदेश भर में कपड़ा कारोबारियों के विरोध को देखते हुए सरकार कपड़ा कारोबार को फॉर्म 49 से मुक्त करने की तैयारी में है। वित्त मंत्री जयंत मलैया ने मंगलवार को यहां भाजपा के संभागीय मुख्यालय 38 रेसकोर्स रोड पर पार्टी कार्यकर्ताआें से बजट सुझावों पर चर्चा के दौरान इसके संकेत दिए। शताब्दी एक्सप्रेस से ग्वालियर पहुंचे श्री मलैया, रेलवे स्टेशन से सीधे 38 रेसकोर्स रोड पर पहुंचे थे। यहां उन्होंने पार्टी के चुनिंदा कार्यकर्ताआें को प्रदेश सरकार के बजट को लेकर सुझाव देने के लिए बुलाया था।
बैठक में पार्टी के जिला पदाधिकारी रहे पारस जैन आैर कमल माखीजानी ने कहा- कपड़ा कारोबार पर फॉर्म 49 लागू किए जाने के कारण विरोधाभास की स्थिति बन रही है। इसको लेकर कपड़ा कारोबारियों में नाराजगी है। प्रदेश भर में इसे वापस लेने की मांग की जा रही है। चेंबर आैर अन्य संस्थाआें ने भी इस मांग को उठाया है। सरकार इस पर विचार करे। इस पर श्री मलैया ने कहा- 26 फरवरी के बाद आप लोगों को इस तरह की शिकायत नहीं मिलेगी।
साडा के अध्यक्ष राकेश जादौन ने खनिज संपदा की रायल्टी रसीदों से जुड़ी विसंगति के चलते सरकार के खजाने को हो रही आर्थिक क्षति के साथ ही उपभोक्ताआें पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि रायल्टी रसीद पर्याप्त संख्या में न मिलने से टैक्स चोरी को बढ़ावा मिल रहा है। इससे सरकार को रेवेन्यू का नुकसान उठाना पड़ रहा है आैर रेत, गिट्टी, मुरम जैसी सामग्री के खरीदारों को बढ़ी हुई कीमतों का बोझ।
मोहन बिटवेकर ने शराब, तंबाकू जैसे पदार्थों पर टैक्स बढ़ाने लेकिन आम उपभोक्ताआें की रोजमर्रा की जरूरतों की चीजों पर टैक्स कम करने का सुझाव रखा। इसके साथ ही राकेश शर्मा ने ग्वालियर व्यापार मेला के दौरान वाहनों की बिक्री पर रजिस्ट्रेशन फीस में छूट देने का सुझाव रखा। बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष देवेश शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा, महापौर विवेक शेजवलकर, अभय चौधरी, राकेश जादौन, जयसिंह कुशवाह आदि मौजूद थे।
प्रभारी मंत्री जयंत मलैया 10 फरवरी को सुबह 9 बजे से मुरार सर्किट हाउस में नेता-कार्यकर्ताओं से भेंट करेंगे। 10.30 बजे कलेक्टोरेट में 50 लाख से ज्यादा लागत वाले प्रोजेक्ट की बैठक होगी। इससे पहले समीक्षा बैठक 6 अगस्त 2015 को हुई थी। दूसरी बैठक सुबह 11 बजे जिला योजना समिति की होगी, जो डेढ़ साल बाद हो रही है। इससे पहले योजना समिति की बैठक 10 सितंबर 2014 को हुई थी। बैठकों के बाद श्री मलैया तानसेन होटल में दोपहर 2 बजे से चेंबर ऑफ कॉमर्स व अन्य औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बजट पूर्व के मुद्दों पर सेमीनार में चर्चा करेंगे।
भाजपा के 38 नंबर कार्यालय पर कार्यकर्ताओं की बैठक लेते हुए प्रभारी मंत्री जयंत मलैया।