अचानक आई गोली बच्ची की पीठ में धंसी
झांसी रोड के नाका चंद्रवदनी में ऊपर से आई गोली घर में खेल रही बालिका की पीठ में लग गई। घायल बालिका को अस्पताल में भर्ती कराने के साथ ही गोली चलाने वाले की तलाश शुरू कर दी है।
झांसी रोड थानाक्षेत्र स्थित नाका चंद्रवदनी की गली नंबर 4 में रहने वाले संतोष पारदी की बेटी जाह्नवी (9) शनिवार की शाम को घर के आंगन में खेल रही थी तभी अचानक उसकी पीठ में खून बहने लगा। खून बहते देख कर परिजन व पड़ोसी पहुंच गए। वह बालिका को लेकर अस्पताल पहुंचे और इसके साथ ही पुलिस को भी सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस काे पता चला है जाह्नवी के घर से कुछ ही दूरी पर सगाई का कार्यक्रम चल रहा था। पुलिस का अनुमान है कि इस कार्यक्रम में हुए हर्ष फायर की गोली बालिका को लगी है।
अस्पताल में उपचाराधीन बालिका।
किसी कार्यक्रम के दौरान हुए हवाई फायर की गोली बालिका को लगी है। पड़ताल की जा रही है। दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डीवीएस भदौरिया, सीएसपी, झांसी रोड