निशांत के शतक से युवराज सिंह क्रिकेट अकादमी की आसान जीत
ग्वालियर| निशांत मंगल (113) की शतकीय पारी के दम पर युवराज सिंह क्रिकेट अकादमी ने अंडर 18 क्लब क्रिकेट टूर्नामेंट में विजयी प्रदर्शन कर अगले दौर का टिकट कटाया। युवराज अकादमी ने मंगलवार काे खेेले गए एकतरफा मुकाबले में ऋषि गालव को 112 रन के बड़े अंतर से हार का मुंह दिखाया। कैप्टन रूपसिंह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में ऋषि गालव ने टॉस जीतकर युवराज अकादमी को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। कप्तान के इस फैसले को गेंदबाज भुना नहीं सके। युवराज अकादमी के निशांत मंगल के आगे विपक्षी गेंदबाजों की एक नहीं चल सकी। शतकवीर निशांत ने एक छोर संभालकर अन्य साथी खिलाड़ियों का साथ देते हुए टीम को 221 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। निशांत ने 105 गेंदों में 13 बाउंड्री और एक छक्का जड़कर 113 रन की शतकीय पारी खेली। इनके अलावा तेजराज चौहान ने 33 और संजय कुशवाह ने 23 रन का योगदान दिया। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऋषि गालव की टीम बल्लेबाजी में भी बेअसर रही। विपक्षी गेंदबाजों के आगे पूरी टीम 109 रन पर सिमट गई।