ट्रैफिक सिग्नल लगवाने से पहले निगम अफसरों के साथ बैठेगी पुलिस
शहर में ट्रैफिक सिग्नल लगाने से पहले ट्रैफिक पुलिस अफसर नगर निगम अफसरों से चर्चा करेंगे। शहर में 28 स्थानों पर 1 करोड़ रुपए की लागत से ट्रैफिक सिग्नल लगना है। इसकी टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। ट्रैफिक पुलिस ने जिन 28 स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने की योजना बनाई है, इन स्थानों को लेकर नगर निगम को कोई आपत्ति तो नहीं है इसे लेकर ट्रैफिक पुलिस के अफसर नगर निगम अफसरों से मिलेंगे। वहां से एनओसी मिलते ही ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाने का काम शुरू हो जाएगा। शहर में अभी 12 स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल लगे हुए हैं यह सिग्नल अागरा की विज्ञापन एजेंसी ने बीआेटी आधार पर लगाए थे। ट्रैफिक सिग्नल की सड़क पर लगने वाली ऑपरेटिंग यूनिट को हटाने को लेकर कंपनी और निगम के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो गई थी। इसलिए ट्रैफिक पुलिस अफसर पहले नगर निगम अफसरों से जानना चाहेंगे कि जिन 12 स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल लगे हुए हैं वह लगे रहेंगे या उनको हटाया जाएगा।