तापमान बढ़ते ही माहू का प्रकोप बढ़ा
दिन में गरमी, शाम को सर्द हवा चली, रात में सर्दी का अहसास
ग्वालियर| हवा का रुख बदलते ही तापमान बढ़ता जा रहा है। उत्तरी हवा के स्थान पर अब पश्चिम दिशा से हवा आ रही है। तापमान बढ़ने के कारण अब माहू का प्रकोप बढ़ रहा है। माहू से सबसे अधिक परेशानी बाइक सवारों को हो रही है।
गुरुवार को सुबह से ही सूरज के तेवर तीखे थे। इससे दिन में लोगों ने गर्मी का अहसास किया। हालांकि शाम से सर्द हवा चलने के कारण लोगों ने रात में हल्की सर्दी का अहसास किया। पिछले दिन की तुलना में अधिकतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस बढ़त के साथ 28.8 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री बढ़त के साथ 10.7 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक रहा। सुबह की आर्द्रता 82 फीसदी रही। यह सामान्य से 17 फीसदी अधिक रही। शाम की आर्द्रता 48 फीसदी रही। यह सामान्य से 12 फीसदी अधिक रही। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अनुपम काश्यपि के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान दिन व रात के तापमान में मामूली बढ़त की संभावना है।
बादलों के बीच लुकाछिपी करता सूरज। समय: शाम 5 बजे।