पहले पहचान बढ़ाता था, फिर माल को ठिकाने लगवाता था
फॉलोअप पूर्व पार्षद के बेटे ने पूछताछ में खोले राज
ग्वालियर| शहर में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह को पूर्व पार्षद घनश्याम कुशवाह का बेटा नवीन उर्फ नेता संचालित कर रहा था। यह चोरी के धरना-प्रदर्शनों में शामिल होकर लोगों से पहचान बढ़ाता था और इस पहचान का उपयोग चोरी का माल बेचने में करता था। लोग इस पर आसानी से भरोसा कर लेते थे और यह चोरी के सामान को बेच देता था। चोर गिरोह के 2 सदस्य भी रिश्ते में साले लगते थे। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर कुछ और चोरी की वारदातों का खुलासा कर सकती है।
टीआई राजकुमार शर्मा के अनुसार गिरोह का सरगना नेता उर्फ नवीन है। गिरोह के 2 सदस्य हामिद और कालू उसके साले लगते हैं। गिरोह को चोरी के ठिकाने नवीन ही बताता था और चोरी का माल भी वही ठिकाने लगाता था। चूंकि नवीन जनता की समस्याओं को लेकर होने वाले धरने-प्रदर्शनों में भाग लेता था, इसलिए उसकी समाज के प्रतिष्ठित लोगों से अच्छी जान-पहचान थी। जिन लोगों को इसकी हरकतें मालूम थी वह भी विरोध नहीं करते थे और पुलिस को सूचना भी नहीं देते थे।