मध्यप्रदेश महिला हॉकी अकादमी नेशनल खिताब से दो कदम दूर
स्पोर्ट्स रिपोर्टर| ग्वालियर
हॉकी इंडिया 6 सब-जूनियर नेशनल हॉकी (वुमन) चैंपियनशिप में मप्र राज्य महिला हाॅकी अकादमी का विजयी प्रदर्शन गुरुवार को भी जारी रहा। रोहतक में खेली जा रही इस चैंपियनशिप में हॉकी अकादमी ने उत्तरप्रदेश के खिलाफ 2-0 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल का टिकट कटाया। अकादमी अब सेमीफाइनल मुकाबले के लिए शनिवार को मैदान में उतरेगी।
मप्र महिला हाॅकी अकादमी और उप्र की टीम गुरुवार को आमने-सामने हुईं। कांटे के इस मुकाबले में दोनों टीम प्रारंभ से ही एक-दूसरे पर दबाव बनाने के लिए हमले करती नजर आईं। लेकिन इस दौरान किसी को सफलता नहीं मिल सकी। मैच के 24वें मिनट में साधना ने विपक्षी टीम की रक्षापंक्ति को भेदते हुए गेंद को गोल जाल में झुलाकर अकादमी को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद कोई गोल नहीं हुआ और मैच का पहला हाफ अकादमी के पक्ष में रहा। मध्यांतर पश्चात उप्र की टीम ने मैच वापसी करने के लिए जीतोड़ मेहनत की। लेकिन अकादमी के डिफेंस के आगे उन्हें सफलता नहीं मिल सकी। इसी दौरान मीना ने एक शानदार मूव को गोल में तब्दील कर टीम 2-0 के स्कोर पर पहुंचा दिया। इसके बाद कोई गोल नहीं हुआ और अकादमी की टीम ने 2-0 से मैच अपने नाम कर लिया।