मेहमान टीम को फिर मिली हार
ग्वालियर| हॉलैंड के टॉप क्लब एचसी कारटूष की टीम कारटूष डेम्स 1 गुरुवार को भी अपनी हार का क्रम नहीं तोड़ सकी। मेहमान टीम को मप्र हॉकी अकादमी ने 1-0 से हराकर मैत्रीपूर्ण हॉकी सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। हॉकी अकादमी के मैदान पर हुए बेहद रोमांचक मुकाबले में मैच का पहला हाफ गोल रहित रहा। इसके बाद दूसरे हॉफ में मेजबान टीम के खिलाड़ियों ने अपनी रणनीति में बदलकर खेलना शुरू किया। इसका लाभ अकादमी को मैच खत्म होने से 10 मिनट पूर्व गोल के रूप में मिल गया। इसके बाद दाेनों टीमों की तरफ से कोई गोल नहीं हुआ और अकादमी ने 1-0 से मैच जीत लिया। गौरतलब है कि मेहमान टीम ग्वालियर दौरे पर मप्र राज्य महिला हॉकी अकादमी के साथ मैत्रीपूर्ण हॉकी मुकाबलों की सीरीज खेलने आई है। मेहमान टीम शनिवार को दिल्ली के लिए रवाना होगी।