जीटी एक्सप्रेस में वेंडरों ने की यात्रियों से अभद्रता
शराब के नशे में वेंडरों ने मंगलवार रात ट्रेन में जमकर हंगामा कर यात्रियों के साथ अभद्रता की। वेंडरों को हंगामा करते देख ट्रेन में सफर कर रहे रेलवे के एक आला अधिकारी ने इसका विरोध किया तो शराबी वेंडर ने उसके साथ अभद्रता की। रेलवे अधिकारी ने इसकी शिकायत आगरा कंट्रोल से की। सूचना मिलते ही आरपीएफ ने पैंट्री कार के मैनेजर को आगरा रेलवे स्टेशन पर पकड़ लिया। वहीं हंगामा कर रहे वेंडर को ग्वालियर स्टेशन पर उतार लिया गया।
दिल्ली सराय रोहिला से चेन्नई सेंट्रल जाने वाली जीटी एक्सप्रेस में शराब के नशे में वेंडरों ने एसी कोचों में हंगामा कर दिया। वेंडर यात्रियों से नशे में अभद्रता कर रहे थे। जीटी एक्सप्रेस के एच-1 कोच में रेलवे के एक आला अधिकारी भी सफर कर रहे थे। जब ट्रेन मथुरा पहुंची तो वेंडरों का हंगामा और बढ़ गया। इस पर रेलवे अधिकारी ने वेंडरों को समझाने का प्रयास किया तो वे उनसे भी अभद्रता करने लगे। इसकी शिकायत रेलवे अधिकारी ने आगरा कंट्रोल से की।
आगरा में पकड़ा पैंट्रीकार मैनेजर: जीटी एक्सप्रेस के आगरा पहुंचने से पहले ही आरपीएफ स्टाफ मौके पर पहुंच गया। ट्रेन के मंगलवार रात 9.40 बजे आगरा पहुंचने पर आरपीएफ स्टाफ ने पैंट्री कार के मैनेजर को पकड़ लिया। जिसे छुड़ाने के लिए वेंडरों ने ट्रेन को आगरा स्टेशन पर चेन पुलिंग कर रोक दिया। मौके पर मथुरा जीआरपी के पहुंचने पर ट्रेन ग्वालियर के लिए रवाना हुई।
ग्वालियर में पकड़ा गया वेंडर
ट्रेन के आगरा से रवाना होने पर झांसी कंट्रोल को ट्रेन अटेंड करने के निर्देश मिले। वहीं ट्रेन में मथुरा जीआरपी ने हंगामा कर रहे वेंडरों की तलाश शुरू कर दी। तलाशी के दौरान कल्याण पुत्र रामलखन भदौरिया निवासी अटेर जिला भिंड को जीआरपी ने पैंट्री कार में दबोच लिया। जीटी एक्सप्रेस रात 11.30 बजे ग्वालियर आई तो जीआरपी स्टाफ कल्याण को लेकर आरपीएफ थाने पहुंचा। यहां पर अारपीएफ स्टाफ ने लिखित में वेंडर की शिकायत देने को कहा तो जीआरपी स्टाफ ने देने से मना कर दिया। इस पर ग्वालियर से आगरा जाने वाली जीटी एक्सप्रेस से कल्याण को कार्रवाई के वापस आगरा भेज दिया गया।