ग्वालियर. निजामुद्दीन से झांसी के बीच चलने वाली ताज एक्सप्रेस के सेकंड सिटिंग कोच में जनरल टिकट लिए यात्रियों ने कब्जा कर लिया। इसके चलते रिजर्वेशन कराने वाले यात्रियों को बैठने को जगह नहीं मिली। जब यात्री नहीं हटे, तो एक यात्री ने रेल मंत्री को ट्वीट कर दिया। मैसेज मिलते ही आगरा में कोच को खाली कराने के निर्देश दिए गए।
सीट नहीं खाली की तो कर दिया ट्वीट
मथुरा निवासी श्रेयांश बुधवार सुबह ताज एक्सप्रेस से मुरैना आ रहे थे। उनका रिजर्वेशन डी-5 कोच में 4 और 5 नंबर सीट पर था। ताज एक्सप्रेस के मथुरा पहुंचने पर श्रेयांस परिवार के साथ डी-5 कोच में सवार हुए। ट्रेन में सवार होने के बाद जब वे अपनी सीट पर पहुंचे, तो वहां पहले से ही यात्री कब्जा जमाए बैठे थे। श्रेयांस ने कब्जा जमाए बैठे यात्रियों से उठने को कहा, तो उन्होंने इनकार कर दिया। श्रेयांस के अलावा कई अन्य यात्रियों की सीटों पर भी कब्जा था। अपनी सीट पर बैठने के लिए श्रेयांस ने ट्रेन में टीटीई को खोजा लेकिन वह नहीं मिला।
अगले स्टेशन पर मिल गई सीट
इस पर श्रेयांस ने रेल मंत्री सुरेश प्रभु को ट्वीट कर समस्या बताई। इस पर आगरा में सीट खाली करवाने के निर्देश रेल मंत्रालय ने दिए। ट्रेन के आगरा पहुंचने पर रेलवे स्टाफ ने कोच में पहुंचकर श्रेयांश और अन्य यात्रियों को उनकी सीट दिलवाई। इसका मैसेज ग्वालियर रेलवे प्रबंधन को भी मिला। इसके अलावा पंजाब मेल के एस-3 कोच में 66 नंबर बर्थ पर सवार आशीष सिंह ने पावर पाइंट खराब होने की शिकायत रेल मंत्री को की।
जरूरत पर ऐसे करें रेल मंत्री को ट्वीट
पहले अपना ट्विटर पर अकाउंट बनाएं। इसके बाद सर्च ऑप्शन में जाकर railminindia पर जाएं। मिनिस्ट्री ऑफ रेलवे के पेज पर आपको ट्वीट टू मिनिस्ट्री ऑफ रेलवे का ऑप्शन दिखाई देगा। इस पर क्लिक करके आप अपनी समस्या रेल मंत्री को ट्वीट कर सकते हैं।